उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां एक ट्विन इंजन, चार सीट वाला ट्रेनिंग विमान खेत में जाकर क्रैश हो गया। हादसे में इंस्ट्रक्टर पायलट और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, विमान ने सुबह करीब 11:30 बजे गार्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी। करीब 20 मिनट बाद, 11:50 बजे लौटते समय विमान खेत में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि हादसे में इंस्ट्रक्टर पायलट सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हुई है। सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे, जबकि अभिषेक पुजारी कर्नाटक के निवासी थे। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, विमान चार सीट वाला डुअल इंजन एयरक्राफ्ट था। इंस्ट्रक्टर पायलट सचिन भाटिया के पास करीब 3,000 घंटे की उड़ान का अनुभव था। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया। दोनों मृतकों के शवों को दुर्घटनास्थल से हटा लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि विमान हादसे की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी गई है। DGCA की टीम मामले की विस्तृत जांच करेगी। विमान से जुड़ी तकनीकी जांच भी DGCA द्वारा की जाएगी। बताया गया है कि यह टेकनम विमान वर्ष 2023 में ट्रेनिंग के लिए यहां लाया गया था। हादसे के सही कारणों का पता DGCA की जांच के बाद ही चल सकेगा।