Breaking News

चिटफंड कंपनी पर ED का शिकंजा, कोलकाता-इंदौर में 17 ठिकानों पर छापेमारी     |   करणी सेना को झटका, जंतर-मंतर प्रदर्शन पर जल्द सुनवाई से HC का इनकार     |   नेपाल में बाढ़ से तबाही, मौतों का आंकड़ा 1,399 पहुंचा; 5 हजार से ज्यादा लापता     |   राहुल गांधी के मानहानि केस में 21 सितंबर को होगी बहस, कोर्ट ने दिया अंतिम अवसर     |   अखिलेश के रोजगार वाले बयान पर राजभर का पलटवार, गिनाईं योगी सरकार की नौकरियां     |  

सिद्धार्थनगर और हरदोई में बनेंगे 3 नए बस स्टेशन, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश के तीन स्थानों पर नए बस स्टेशनों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसके तहत सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ और बढ़नी कस्बे के साथ हरदोई जिले की सवायजपुर तहसील में बस स्टेशन बनाए जाएंगे। कैबिनेट ने इन बस स्टेशनों के निर्माण के लिए राजस्व विभाग की चिह्नित भूमि को परिवहन विभाग के नाम निःशुल्क हस्तांतरण और नामांतरण करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्रस्ताव के तहत सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के शोहरतगढ़ और बढ़नी कस्बे तथा हरदोई की सवायजपुर तहसील में बस स्टेशनों का निर्माण कराया जाएगा। इन परियोजनाओं के लिए राजस्व विभाग की चिह्नित जमीन परिवहन विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे संबंधित क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

दयाशंकर सिंह ने कहा कि बेहतर परिवहन सुविधाओं से सामाजिक विकास, लोगों के जीवन स्तर में सुधार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। बस स्टेशनों के निर्माण से सड़क नेटवर्क और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने में सहायता मिलने की उम्मीद है। नए बस स्टेशन बनने से आसपास के क्षेत्रों में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यात्रियों को बस स्टेशन परिसर में बेहतर सुविधाएं और सुगम परिवहन सेवा मिल सकेगी। सरकार के मुताबिक, इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।