Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

दिल्ली में आग की तीन घटनाएं, भजनपुरा में 4 घायल

दिल्ली में रविवार को अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में एक घर के ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी दोपहिया वाहनों में आग लग गई, जिससे जान बचाने के लिए पहली मंजिल से कूदने पर चार लोग घायल हो गए। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, रात करीब 2 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग घर के ग्राउंड फ्लोर पार्किंग में खड़ी चार दोपहिया गाड़ियों में लगी थी। आग तेजी से फैलने के कारण पहली मंजिल पर मौजूद चार लोगों को कूदकर बाहर निकलना पड़ा, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, घर में मौजूद अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 3:50 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, एक अन्य घटना में दिल्ली के बावाना औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-2 में स्थित एक फैक्ट्री में भी आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 17 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने आसपास की फैक्ट्रियों तक आग फैलने से रोकने के लिए कड़ी मशक्कत की।

इसके अलावा, कनॉट प्लेस स्थित हार्ड रॉक कैफे में भी आग लगने की घटना सामने आई। फायर विभाग को दोपहर 12:31 बजे सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। शुरुआती जांच में पता चला कि आग रेस्टोरेंट की चिमनी में लगी थी, जिसे करीब 12:50 बजे तक पूरी तरह बुझा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते की गई कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।