उत्तर प्रदेश पुलिस ने पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए विशेष लघु फिल्म ‘वर्दी’ रिलीज की है। फिल्म में देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ उनके परिवारों की भावनात्मक पीड़ा को भी दिखाया गया है। डीजीपी राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में तैयार इस फिल्म को उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया है।
फिल्म में कीर्ति चक्र से सम्मानित यूपी एसटीएफ के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को प्रमुखता से दर्शाया गया है। फिल्म यह बताती है कि वर्दी पहनकर देश की रक्षा करने वाले जवानों की शहादत केवल उनकी नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार की जिंदगी बदल देती है। अपनों की बहादुरी पर गर्व के बावजूद परिवार को उनके बिना जीवन बिताने का दर्द हमेशा सालता रहता है।
शहीदों के परिवारों के दर्द को बयां करती है ‘वर्दी’
लघु फिल्म ‘वर्दी’ शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के मौन इंतजार, भावनात्मक संघर्ष और अपनों की कमी से पैदा हुए खालीपन को संवेदनशीलता से सामने लाती है। फिल्म के जरिए संदेश दिया गया है कि देश की सुरक्षा के लिए दिया गया बलिदान हमेशा सम्मान के योग्य है, लेकिन शहीदों के परिवारों की पीड़ा को समझना और उनके साथ खड़े रहना भी समाज की जिम्मेदारी है।
फिल्म का निर्देशन प्रख्यात बॉलीवुड निर्देशक, लेखक और अभिनेता तिग्मांशु धूलिया ने किया है। इसमें अभिनेता अमित साध, वरिष्ठ टेलीविजन अभिनेत्री अलका अमीन और नाजिश खान ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म की स्क्रिप्ट और वॉयस ओवर यूपी पुलिस के सोशल मीडिया सेंटर में तैनात आरक्षी कपिल दिनकर ने तैयार किया है। इसका क्रिएटिव डायरेक्शन उत्तर प्रदेश पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक राहुल श्रीवास्तव ने किया है। फिल्म का निर्माण सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से हुआ है और इसकी शूटिंग मुंबई में की गई है।
मुख्यमंत्री योगी ने शहीद निरीक्षक की पत्नी को किया था सम्मानित
फिल्म में शहीद निरीक्षक सुनील कुमार की वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक अक्टूबर को सुनील कुमार की पत्नी मुनेश देवी को नकद धनराशि और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया था।
पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर इस फिल्म को रिलीज करने का उद्देश्य शहीद पुलिसकर्मियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना और पुलिस बल के जवानों को राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करना है।
‘पान सिंह तोमर’ के निर्देशक हैं तिग्मांशु धूलिया
तिग्मांशु धूलिया हिंदी सिनेमा में ‘हासिल’, ‘साहेब बीवी और गैंगस्टर’, ‘पान सिंह तोमर’, ‘बुलेट राजा’ और ‘राग देश’ जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्म ‘पान सिंह तोमर’ को 60वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का सम्मान मिला था। इसी फिल्म की पटकथा के लिए तिग्मांशु धूलिया और संजय चौहान को फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
वहीं, अमित साध ‘काई पो छे!’, ‘सुल्तान’, ‘गोल्ड’, ‘सरकार 3’ और ‘शकुंतला देवी’ जैसी फिल्मों के अलावा ‘ब्रीद’ और ‘ब्रीद: इन्टू द शैडोज’ जैसी वेब सीरीज में अभिनय कर चुके हैं। अलका अमीन ‘दम लगा के हईशा’ और ‘बधाई हो’ जैसी फिल्मों में अपने संजीदा अभिनय के लिए पहचानी जाती हैं। वह राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की पूर्व छात्रा हैं।
मुठभेड़ में घायल होने के बाद भी टीम का नेतृत्व करते रहे सुनील कुमार
यूपी एसटीएफ के निरीक्षक सुनील कुमार 20-21 जनवरी, 2025 की मध्यरात्रि को शामली में मुकीम काला गैंग के बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गोली लगने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और एसटीएफ की टीम का नेतृत्व जारी रखा।
उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक लाख रुपये के इनामी बदमाश अरशद समेत चार बदमाश मारे गए। मुठभेड़ में लगी गोलियों के कारण निरीक्षक सुनील कुमार 22 जनवरी, 2025 को वीरगति को प्राप्त हुए।
उनकी बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान को समर्पित लघु फिल्म ‘वर्दी’ के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि वर्दी केवल एक पहचान नहीं, बल्कि देश और समाज की रक्षा के लिए निभाई जाने वाली जिम्मेदारी का प्रतीक है। शहीदों का साहस, उनका समर्पण और उनके परिवारों का त्याग हमेशा देश की स्मृतियों में जीवित रहेगा।