उत्तर प्रदेश में सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई संपर्क के विस्तार से विकास को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद हुए बदलावों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी के मंत्र ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। बेहतर कनेक्टिविटी से प्रदेश में विकास, रोजगार, व्यापार और पर्यटन के नए अवसर बढ़ रहे हैं।
2017 से पहले दयनीय थी स्थिति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल दूरियां कम करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये समय की बचत, सुविधाओं और समृद्धि की नई संभावनाएं भी पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास की इन जीवन रेखाओं की स्थिति बेहद दयनीय थी। प्रदेश में परिवहन सुविधाओं का विस्तार सीमित था, जिससे लोगों और कारोबार को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता था।
यूपी में 10 एक्सप्रेस-वे, 7 शहरों में मेट्रो
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में कनेक्टिविटी के विस्तार पर विशेष जोर दिया है। वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में मात्र डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, जबकि अब प्रदेश में 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं। इससे विभिन्न शहरों के बीच आवागमन आसान हुआ है और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने बताया कि पहले हवाई सेवाएं कुछ चुनिंदा शहरों तक सीमित थीं, लेकिन अब प्रदेश में 12 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के माध्यम से हवाई संपर्क को नई ऊंचाइयां मिली हैं। इसी तरह, वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के किसी भी शहर में मेट्रो सेवा नहीं थी, जबकि आज 7 शहरों में मेट्रो जनजीवन को नई गति दे रही है।
किसानों, युवाओं और कारोबारियों को मिल रहे नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा लाभ प्रदेश के नागरिकों को मिल रहा है। सड़क और परिवहन सुविधाओं के विस्तार से किसानों की उपज को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान हो रहा है। वहीं, उद्यमियों को कारोबार बढ़ाने और निवेशकों को नई परियोजनाएं शुरू करने के अवसर मिल रहे हैं।
बेहतर परिवहन व्यवस्था से युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार तक पहुंच आसान हो रही है। कामकाजी लोगों का समय बचने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ रहे हैं।
गांव से शहर तक पहुंच रहा विकास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की गति गांवों, कस्बों और शहरों तक नागरिकों के जीवन में बदलाव ला रही है। बेहतर सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई संपर्क से प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र को अवसर, हर उद्यम को सामर्थ्य और हर परिवार के जीवन में बढ़ती खुशहाली 'नए भारत' के 'नए उत्तर प्रदेश' की नई पहचान है।