उत्तर प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार शनिवार, 19 सितंबर को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित करेगी। लोकभवन सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न विभागों में चयनित 21 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। वहीं, 797 अन्य चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों की ओर से नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इस तरह कुल 818 अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिलेगा।
कार्यक्रम में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश उद्योग निदेशालय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं और आयुष विभाग के चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के तहत विभिन्न ट्रेडों में चयनित 48 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इनमें मैकेनिक (ट्रैक्टर), पेंटर (सामान्य), सर्वेयर, मैकेनिकल मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स, लेदर गुड्स मेकर, वायरमैन और प्लंबर के पद शामिल हैं। इनमें प्लंबर के 31, मैकेनिक (ट्रैक्टर) के 6, वायरमैन के 4 और पेंटर (सामान्य) के 4 अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा सर्वेयर, मैकेनिकल मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स और लेदर गुड्स मेकर के एक-एक अभ्यर्थी को भी नियुक्ति पत्र मिलेगा। इन नियुक्तियों से प्रशिक्षण संस्थानों में तकनीकी शिक्षा और युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन देने में मदद मिलेगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में 357 एक्सरे-टेक्नीशियन के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। वहीं, उत्तर प्रदेश उद्योग निदेशालय, कानपुर के अंतर्गत सहायक सांख्यिकीय अधिकारी के 9 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र मिलेगा। इन अधिकारियों की नियुक्ति से औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े आंकड़ों के संकलन और विश्लेषण से संबंधित कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। आयुष विभाग के तहत होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक और यूनानी चिकित्सा से जुड़े विभिन्न पदों पर चयनित 404 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
इनमें शामिल हैं:
विभिन्न ट्रेडों में अनुदेशक - 48
सहायक सांख्यिकीय अधिकारी - 9
एक्सरे-टेक्नीशियन - 357
आयुष विभाग के विभिन्न पद - 404
कुल - 818