Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

काशी रोपवे से दिखेगी बनारस की संस्कृति, छतों पर उकेरी जाएंगी गंगा घाट और बनारसी खानपान की तस्वीरें

काशी में शहरी परिवहन रोपवे का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी के साथ शहर की संस्कृति और पहचान को खास अंदाज में दिखाने की तैयारी भी की जा रही है। वाराणसी नगर निगम रोपवे मार्ग के आसपास की चुनिंदा इमारतों की छतों पर आकर्षक पेंटिंग बनवा रहा है। इन तस्वीरों के जरिए यात्रियों को आसमान से काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और खानपान से जुड़ी विरासत देखने को मिलेगी।

काशी का यह रोपवे देश का पहला और दुनिया का तीसरा शहरी परिवहन रोपवे बनने जा रहा है। फिलहाल इसके ट्रायल का दूसरा चरण चल रहा है। रोपवे शुरू होने के बाद यात्रियों को शहर के नजारे देखने का एक नया अनुभव मिलने की उम्मीद है।

छतों पर दिखेगी काशी की पहचान

वाराणसी नगर निगम ने इस पहल को 'काशी टेरेस आर्टवर्क प्रोजेक्ट' नाम दिया है। इसके तहत रोपवे कॉरिडोर के आसपास की इमारतों की छतों को रंग-बिरंगी कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। इस परियोजना में कुल 11,120.34 वर्ग मीटर क्षेत्र को शामिल किया जाएगा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के मुताबिक, इन पेंटिंग्स में काशी के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक पहचान, खानपान और हस्तशिल्प को दिखाया जाएगा। इसका उद्देश्य शहर की विरासत को सुरक्षित रखते हुए लोगों को पर्यटन और संस्कृति से जोड़ना है।

गंगा घाट से लेकर बनारसी पान तक दिखेगा हर रंग

रोपवे से सफर करने वाले यात्रियों को छतों पर गंगा घाट, गंगा में रहने वाले जीव-जंतु, डॉल्फिन और बनारस की पारंपरिक जीवनशैली की झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा बनारसी चाय, गोलकी कचौड़ी, रबड़ी लस्सी, पान और रिक्शे जैसी शहर की पहचान से जुड़ी चीजों को भी कलाकृतियों में जगह दी जाएगी।

नगर निगम के अनुसार, रोपवे से शहर को ऊपर से देखने पर केवल सड़कें और इमारतें ही नहीं, बल्कि रंग-बिरंगी छतें भी पर्यटकों का स्वागत करेंगी। इस पहल से काशी की सांस्कृतिक पहचान को नए तरीके से प्रस्तुत करने की योजना है।

पर्यटन को मिलेगा नया अनुभव

नगर निगम का मानना है कि टेरेस आर्टवर्क परियोजना से रोपवे का सफर और आकर्षक बनेगा। इससे स्थानीय संस्कृति, खानपान और पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है। रोपवे के चालू होने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काशी की विरासत को एक अलग नजरिए से देखने का अवसर मिलेगा।