Breaking News

पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना हुए     |   FIFA 2026: अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया, सेमीफाइनल में बनाई जगह     |   UAE, कतर, बहरीन, जॉर्डन... दहल उठे अमेरिकी ठिकाने, ईरान का जबरदस्त पलटवार     |   अमेरिकी ठिकानों पर ईरान के जवाबी हमलों के बाद कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में धमाके     |   ईरान ने मध्य-पूर्व में कई अमेरिकी ठिकानों पर फिर से हवाई हमले किए     |  

पॉलिटेक्निक कॉलेज में रैगिंग का खूनी खेल! छात्र को बुलाकर बेरहमी से पीटा

बिहार के अररिया जिले स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में कथित रैगिंग की एक गंभीर घटना सामने आई है। कॉलेज के दूसरे सेमेस्टर के छात्र रौशन सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। कुछ वरिष्ठ छात्रों ने रौशन सिंह को हॉस्टल के बाहर बुलाया और फिर लाठी, लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद छात्र बेहोश हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

अररिया के एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में अंतिम वर्ष के छात्रों की संलिप्तता सामने आई है। उन्होंने कहा, “सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल के बाहर एक छात्र पर हमला किया गया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में कुछ फाइनल ईयर के छात्रों पर हमला करने का आरोप है। घायल छात्र का बयान दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।”

कॉलेज के प्राचार्य अभिजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए अनुशासन समिति गठित की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने 12-13 छात्रों की पहचान की है, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 20 से 30 छात्र हमले में शामिल थे। प्राचार्य के मुताबिक, “फाइनल ईयर की प्रैक्टिकल परीक्षा समाप्त होने के बाद वरिष्ठ छात्रों ने कॉलेज के बाहर प्रथम वर्ष के छात्र पर हमला किया। गया निवासी छात्र रौशन गंभीर रूप से घायल हुआ है। परिजनों ने कुछ नामजद और कुछ अज्ञात छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।”

वहीं पीड़ित छात्र के पिता रविंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि हमला पूरी तरह सुनियोजित था। उन्होंने बताया कि कॉलेज में सीमित हॉस्टल सुविधा होने के कारण प्रथम वर्ष के कई छात्र निजी हॉस्टल में रहते हैं। उन्होंने कहा, “फाइनल ईयर के छात्रों ने परीक्षा खत्म होने के बाद जूनियर छात्रों पर हमला करने की योजना बनाई। वे निजी हॉस्टल पहुंचे जहां प्रथम वर्ष के छात्र रह रहे थे। मकान मालिक ने समझौते की बात कहकर मेरे बेटे को बाहर बुलाया, लेकिन वहां पहले से घात लगाए बैठे छात्रों ने उस पर हमला कर दिया।” पीड़ित के पिता ने यह भी कहा कि सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच पहले भी विवाद होते रहे हैं, लेकिन इस तरह की जानलेवा घटना पहली बार सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।