Breaking News

दिल्ली में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, LNJP अस्पताल में बनाया गया 7 बेड का आइसोलेशन वार्ड

दिल्ली में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। मरीजों को बेहतर इलाज और जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में 7 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। अस्पताल में बनाए गए इस विशेष वार्ड में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए 2 वेंटिलेटर बेड की व्यवस्था की गई है, जबकि 5 सामान्य बेड रखे गए हैं। जरूरत पड़ने पर इन बेड का इस्तेमाल स्वाइन फ्लू से प्रभावित मरीजों के उपचार और निगरानी के लिए किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पतालों को स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर सतर्क रहने और मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बढ़ते मामलों के बीच अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि संक्रमण की स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।दिल्ली में स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों की ओर से लोगों से भी सावधानी बरतने और किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है।