मुंबई के कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार BMW के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा रविवार (20 सितंबर) सुबह मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जाते समय लोटस जेट्टी के पास हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।
हादसे में 3 लोगों की मौत
नायर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान शनय गज्जल (21) और धिर्या सेठ (17) के रूप में हुई है। वहीं, करीब 25 वर्षीय एक अज्ञात युवक को भी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। बीएमसी के मुताबिक, 20 वर्षीय एक अज्ञात युवक ट्रॉमा वार्ड में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
चार लोग अस्पताल ले जाए गए
हादसा लाला कॉलेज के पास हुआ, जब BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही थी। कोस्टल रोड कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, कार की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना हुई। शुरुआत में हादसे में चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।