Breaking News

विवेकानंद केंद्र के अध्यक्ष ए. बालकृष्णन के निधन पर PM मोदी ने जताया दुख     |   कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, 2 जख्मी, गंगा बैराज के पास हुआ हादसा     |   चंडीगढ़ में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की आज राज्यव्यापी हड़ताल     |   नेपाल की बाढ़ः पश्चिम बंगाल के 32, तमिलनाडु के 37 पर्यटक लापता     |   UPTET 2026 रिजल्ट जारी, प्राथमिक के 93 हजार और उच्च प्राथमिक के 1.13 लाख अभ्यर्थी पास     |  

नेपाल बाढ़ पीड़ितों के समर्थन में उतरे सोनू सूद और मनीषा कोइराला, कहा- ‘नेपाल, आप अकेले नहीं हैं’

नेपाल में आई भीषण बाढ़ से मची तबाही के बीच बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और मनीषा कोइराला ने प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता जाहिर की है। दोनों कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए नेपाल के लोगों के लिए समर्थन और मदद की अपील की है। सोनू सूद, जो अक्सर संकट के समय लोगों की मदद के लिए आगे आते हैं, ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर कर बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद की पेशकश की। उन्होंने लिखा, “नेपाल, आप अकेले नहीं हैं। हम आपके लिए खाना, आश्रय और आपको फिर से खड़ा होने में मदद करने की ताकत लेकर आ रहे हैं।”

वहीं, नेपाल में जन्मी अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने भी बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए लोगों से प्रार्थना करने की अपील की। उन्होंने बाढ़ से हुई तबाही की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “नेपाल के लिए प्रार्थना करें।” नेपाल में आई बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 157 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 400 लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में विदेशी नागरिक और सुरक्षा बलों के जवान भी शामिल हैं।

नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, रासुवा क्षेत्र में भोतेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ के बाद करीब 105 भारतीय नागरिकों के लापता होने की सूचना है। बोर्ड ने बताया कि यह शुरुआती जानकारी पर्यटन और ट्रैवल कंपनियों से मिली एजेंसीवार रिपोर्ट पर आधारित है। वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के मुताबिक, 391 विदेशी नागरिकों और 44 सुरक्षा कर्मियों समेत सैकड़ों लोग लापता हैं।

तीन जिलों में बुनियादी ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। इस दौरान 9 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट, 9 वाणिज्यिक बैंक शाखाएं और 19 मोटरेबल पुल तबाह हो गए, जबकि करीब 40 किलोमीटर हाईवे भी बाढ़ में बह गया। फिलहाल नेपाल में राहत और बचाव अभियान जारी है। भारत ने भी राहत प्रयासों को मजबूत करने के लिए 10 टन मानवीय सहायता भेजी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने X पर बताया, “भारत की HADR (मानवीय सहायता और आपदा राहत) और चिकित्सा सहायता काठमांडू पहुंच गई है। राहत प्रयासों में सहयोग के लिए और सहायता जुटाई जा रही है।”