Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

Karnataka: पूर्व डीजीपी की हत्या में बेटे को मां और बहन के शामिल होने का ‘संदेह’, दर्ज कराई एफआईआर

कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश की मौत के मामले में उनके बेटे ने पिता की हत्या में अपनी मां और बहन के शामिल होने का ‘संदेश’ जताया है। उसकी शिकायत पर दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को ये जानकारी दी।

पुलिस ने घटना के सिलसिले में ओम प्रकाश की पत्नी पल्लवी और बेटी कृति को गिरफ्तार कर लिया है। ओम प्रकाश के बेटे कार्तिकेश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि पल्लवी पिछले एक हफ्ते से उसके पिता को जान से मारने की धमकी दे रही थी।

पूर्व डीजीपी के बेटे ने कहा, "इन धमकियों के कारण मेरे पिता अपनी बहन के घर रहने चले गए थे।" कार्तिकेश ने आरोप लगाया, "दो दिन पहले मेरी छोटी बहन वहां गई और उन पर (पूर्व डीजीपी) घर लौटने का दबाव बनाया।" शिकायत में कार्तिकेश ने कहा, "कृति पिताजी को वापस ले आई थी, जबकि वो वापस आने को तैयार नहीं थे।"

उन्होंने बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे जब वो डोमलूर स्थित कर्नाटक गोल्फ एसोसिएशन में था, तब उसके पड़ोसी जयश्री श्रीधरन ने उसे फोन कर बताया कि उसके पिता सीढ़ियों के नीचे पड़े हुए हैं।

कार्तिकेश ने बताया, "मैं घर पहुंचा (जो एचएसआर लेआउट में स्थित है) तो वहां पुलिस अधिकारी और लोग मौजूद थे। मेरे पिता खून से लथपथ पड़े थे और उनके सिर और शरीर पर घाव थे। उनके शव के पास एक टूटी हुई बोतल और एक चाकू पड़ा था। इसके बाद उन्हें सेंट जॉन्स अस्पताल ले जाया गया।"

कार्तिकेश ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कहा, "मेरी मां पल्लवी और मेरी बहन कृति अक्सर मेरे पिता से झगड़ा करती थीं। मुझे पूरा संदेह है कि वे मेरे पिता की हत्या में शामिल हैं। मैं इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध करता हूं।"

पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश (68) बिहार के चंपारण के मूल निवासी थे और उन्होंने भूविज्ञान में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की थी। प्रकाश को एक मार्च 2015 को कर्नाटक का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था।