Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

मोहाली में दिल दहला देने वाली वारदात, ऑफिस में घुसकर एक्स बॉयफ्रेंड ने की युवती की हत्या

पंजाब के मोहाली से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक निजी कंपनी के कार्यालय में घुसकर एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या की कोशिश की। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां युवती को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि आरोपी की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतका की पहचान पटियाला निवासी डिंपल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी हरविंदर मान उर्फ हैरी बताया जा रहा है। दोनों एक पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी में काम करते थे और पिछले करीब तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले दोस्ती थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। हालांकि कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। बताया जा रहा है कि ब्रेकअप के बाद आरोपी मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था और वह दोबारा रिश्ते को सुधारने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम आरोपी कंपनी के कार्यालय पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर डिंपल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना से कार्यालय में मौजूद कर्मचारी दहशत में आ गए।

हमले के बाद आरोपी ने खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल मोहाली के फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरविंदर का इलाज जारी है। फेज-11 थाना प्रभारी अमन बैदवान ने बताया कि पुलिस को शाम करीब 7:40 बजे घटना की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल को सील कर दिया गया है तथा सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है। उनके बयान दर्ज किए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और दोनों के रिश्ते के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।