जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार जिले में 11 जून तक हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। बढ़ते तापमान के कारण लोगों को गर्मी से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में 11 जून तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 11 जून तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि इसके बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
आईएमडी का अनुमान है कि 9 से 14 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 10 से 14 जून के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।मौसम में बदलाव के साथ तेज आंधी, बिजली गिरने और गरज-चमक की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं। विभाग ने 11 और 12 जून को राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
इसके अलावा 11 और 12 जून को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। 12 जून को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी कुछ स्थानों पर ओले गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। साथ ही अत्यधिक गर्मी के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचने की अपील की है।