Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

गाजियाबाद में सनसनी, रिश्ता टूटने से नाराज सिरफिरे युवक ने दो बहनों को मारी गोली

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में रिश्ता टूटने से नाराज एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इसके बाद आरोपी ने गाड़ी में कबूलनामा का वीडियो भी बनाया। गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर दो बहनों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। वारदात में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

घटना खोड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर वाल्मीकि चौक की है। घायल युवती खुशी (20 वर्ष) और उसकी छोटी बहन निधि (18 वर्ष) अपने घर में मौजूद थीं। आरोप है कि पुराना बस अड्डा बारादरी, गाजियाबाद निवासी जॉनी शाम करीब 4:30 बजे उनके घर पहुंचा। पड़ोसियों के मुताबिक जॉनी और खुशी के बीच करीब डेढ़ वर्ष पहले रिश्ता तय हुआ था, लेकिन युवक की कथित गलत गतिविधियों के चलते परिवार ने लगभग चार महीने पहले यह रिश्ता तोड़ दिया था।

बताया जा रहा है कि आरोपी करीब आधे घंटे तक गली में घूमता रहा। इसके बाद वह घर की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया। जॉनी के हाथ में हथियार देखकर दोनों बहनों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया, लेकिन आरोपी ने खिड़की का शीशा तोड़ दिया और रास्ते में रखे फ्रिज को हटाकर अंदर घुसने की कोशिश की। इसके बाद उसने दोनों बहनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

फायरिंग में खुशी को चार गोलियां लगीं, जिनमें तीन पैर में और एक पेट में बताई जा रही है। वहीं निधि के मुंह पर एक गोली लगी है। गोली लगने से दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर एक बहन को आगे रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।