Breaking News

ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन की शुरुआत, भारत मंडपम पहुंच रहे लीडर     |   सिक्किम के रिम्बी में भारी भूस्खलन, खतरे की जद में आए दो मकान     |   इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर निकला जहाज समंदर में लापता     |   आंध्र प्रदेश में ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर, हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत     |   कुलगाम में आतंकी नेटवर्क पर CIK का शिकंजा, कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी     |  

Chhattisgarh: सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, ढेर किए 10 नक्सली

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलियों को मार गिराने के मकसद से हम सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के भेज्जी थाना इलाके के अंदर कोराजुगुड़ा, दंतेसपुरम, नागाराम और भंडारपदर के जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया है। 

उन्होंने बताया कि जिले के दक्षिण इलाके में कोंटा और किस्टाराम एरिया कमेटी के नक्सलियों को होने की सूचना पर जिला रिजर्व बल (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की टीमों को रवाना किया गया था। दल जब भेज्जी थाना इलाके के अंदर कोराजुगुड़ा, दंतेसपुरम, नागाराम और भंडारपदर गांव के जंगल-पर्वतीय इलाके में था तब डीआरजी के दल पर नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की।

उन्होंने बताया कि इलाके में सुरक्षाबलों ने अब तक कुल 10 नक्सलियों का शव, इंसास राइफल, एके-47 राइफल, एसएलआर और कई दूसरे हथियार बरामद किए हैं। मुठभेड़ से जुड़ी और जानकारी ली जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षाबलों की इस कामयाबी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सरकार नक्सलवाद के प्रति बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर काम कर रही है। 

उन्होंने कहा कि बस्तर में विकास, शांति और नागरिकों की सुरक्षा पक्की करना उनकी सरकार की  प्राथमिकता है। बस्तर में शांति, विकास और प्रगति का दौर लौट आया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षा बलों को उनके अदम्य साहस और समर्पण के लिए बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ से नक्सलियों का सफाया निश्चित है। 

छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में सुरक्षाबलों ने इस साल मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में 207 नक्सलियों को मार गिराया है। इससे पहले 16 नवंबर को राज्य के नक्सल प्रभावित नारायणपुर और कांकेर जिले की सीमा में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में पांच नक्सलियों को मार गिराया था।