Breaking News

DUSU चुनाव में नोटा को 23 हजार 942 वोट, पिछले साल से 268 ज्यादा     |   एशियन गेम्स में भारत को पहला मेडल, शूटिंग महिला इवेंट में हासिल किया सिल्वर     |   मुंबई में ब्रिज से नीचे गिरी BMW, कार सवार 3 लोगों की मौत     |   यूपी पुलिस में 912 पदों पर सेलेक्शन, सीएम योगी आज देंगे नियुक्ति पत्र     |   एशियन गेम्स: शूटिंग में फाइनल शुरू, क्विम्सी डिसूजा ब्रॉन्ज की रेस में     |  

Katrina Kaif की पोस्टपार्टम ट्रोलिंग पर भड़के Salman Khan, बोले- 'प्रेग्नेंट होने पर किसी को क्यों ट्रोल करते हो?'

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने बिग बॉस 20 के हालिया एपिसोड में ऑनलाइन ट्रोलिंग और महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों पर जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने बॉडी शेमिंग, उम्र को लेकर मजाक उड़ाने और प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के बढ़े वजन पर निशाना साधने वालों को फटकार लगाई।

प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं को ट्रोल करने पर भड़के सलमान

शो के दौरान सलमान खान ने किसी का नाम लिए बिना प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के वजन बढ़ने को लेकर की जाने वाली ट्रोलिंग पर सवाल उठाया। माना जा रहा है कि उनका इशारा उनकी दोस्त और अभिनेत्री कैटरीना कैफ की ओर था, जिन्हें अंबानी परिवार के गणेश चतुर्थी समारोह में नजर आने के बाद ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।

सलमान ने कहा, "आप किसी ऐसे व्यक्ति को क्यों ट्रोल करते हैं जो प्रेग्नेंट हुआ है? प्रेग्नेंसी के बाद सभी का वजन बढ़ता है। जब वह फिल्मों में वापस आएंगी, तो फिट हो जाएंगी। वह अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहती हैं।"

अपनी उम्र को लेकर ट्रोलिंग पर दिया जवाब

सलमान खान ने खुद को लेकर होने वाली उम्र संबंधी ट्रोलिंग पर भी बात की। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों के उन्हें बूढ़ा कहने पर अभिनेता ने कहा, "बिल्कुल, मैं 60 साल का हूं।" उन्होंने आगे कहा कि कोई भी व्यक्ति हमेशा फिल्म मैंने प्यार किया के दौर जैसा नहीं रह सकता। सलमान ने बताया कि उन्हें पता है कि कौन-कौन उन्हें ट्रोल करता है, लेकिन वह इस तरह की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया नहीं देते। अभिनेता ने कहा कि उनके बहुत सारे फैन क्लब हैं और उन्हें ट्रोलिंग से फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने ट्रोलर्स को बोलते रहने देने की बात कही।

शर्ट उतारकर ट्रोलर्स को दिया जवाब

गुस्से के दौरान सलमान खान ने कैमरे के सामने अपनी शर्ट और टोपी उतार दी। उन्होंने अपना मेकअप पोंछते हुए ट्रोलर्स को चुनौती दी कि अब वे उनका मजाक उड़ाएं। इसके बाद अभिनेता ने अपनी फिट बॉडी दिखाई और आलोचनाओं से बेपरवाह नजर आए।

सोहेल खान और वरुण के समर्थन में बोले सलमान

सलमान ने अपने भाई सोहेल खान और वरुण को लेकर की जाने वाली ऑनलाइन ट्रोलिंग पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसी का मजाक उड़ाने से पहले लोगों को खुद को और अपने परिवार को देखना चाहिए। सलमान ने कहा, "पहले अपने आप को देखो, अपने शरीर को देखो, उसके बाद ये सब करना। अपने मां-बाप को देखो, उसके बाद ट्रोल करना। सोहेल के ऊपर, वरुण के ऊपर मजाक उड़ाना सही नहीं है।" उन्होंने आगे कहा कि लोग जितनी ट्रोलिंग करना चाहते हैं, कर लें, उन्हें इसकी परवाह नहीं है।

महिला कलाकारों की अनुचित तस्वीरें लेने पर पपराजी को फटकार

सलमान खान ने पपराजी के उस व्यवहार पर भी सवाल उठाया, जिसमें वे अभिनेत्रियों की पीछे से या शरीर के खास हिस्सों की अनुचित तस्वीरें लेते हैं।उन्होंने कहा कि पपराजी हिप शॉट्स और पैरों की तस्वीरें लेते हैं और मौका मिलने पर पीछे से भी तस्वीरें खींचते हैं। सलमान ने बताया कि उनकी भतीजी के साथ भी ऐसा होता है और तस्वीर के साथ 'पहचानो ये कौन है?' जैसे कैप्शन लगाए जाते हैं। अभिनेता ने महिलाओं से ऐसे मामलों में विरोध करने की अपील की और पपराजी की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए इसे घृणित बताया।