Breaking News

नेपाल के PM बालेन शाह अपनी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचेंगे     |   जोधपुर में कार और ट्रैवल टेम्पो की भीषण टक्कर, 3 की मौत और करीब 15 लोग घायल     |   गुजरात के कच्छ में खौफनाक हादसा, ट्रेलर की जोरदार टक्कर से कार के हुए दो टुकड़े, 7 की मौत     |   दिल्ली के व्यापारिक संगठन CTI ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा आभार पत्र     |   हरियाणा के करनाल में दर्दनाक सड़क हादसा, दो कारों की भिड़ंत में 10 साल के बच्चे समेत दो की गई जान     |  

प्रतापगढ़ के छात्र सक्षम सिंह ने बढ़ाया यूपी का मान, TCS रूरल IT क्विज के राष्ट्रीय फाइनल में हासिल किया चौथा स्थान

Lucknow: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतापगढ़ स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के कक्षा 9 के छात्र सक्षम सिंह ने बेंगलुरु में आयोजित टीसीएस रूरल आईटी क्विज के राष्ट्रीय फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 अंक हासिल किए और देशभर में चौथा स्थान प्राप्त किया। उनकी इस सफलता को ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर देने की दिशा में योगी सरकार के प्रयासों की उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

क्षेत्रीय प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल कर बनाई थी जगह

सक्षम सिंह ने 27 अक्टूबर को वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में हुए उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय फाइनल में शीर्ष स्थान हासिल किया था। इसी विद्यालय के छात्र किशेष पांडेय ने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रदेश के 60 जिलों से आए 400 से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के बीच अपनी योग्यता साबित करते हुए सक्षम ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जगह बनाई और फाइनल में चौथा स्थान हासिल किया।

ग्रामीण छात्रों को तकनीक से जुड़ने का मिल रहा अवसर

टीसीएस रूरल आईटी क्विज की शुरुआत वर्ष 2000 में ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों में सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल तकनीक के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से हुई थी। इस प्रतियोगिता के जरिए छात्रों को अपनी तार्किक क्षमता, समस्या सुलझाने की योग्यता, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल को निखारने का मौका मिलता है। सर्वोदय विद्यालय के विद्यार्थियों की उपलब्धियां यह दर्शाती हैं कि सही मार्गदर्शन और जरूरी संसाधन उपलब्ध हों तो ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र भी राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

असीम अरुण ने सक्षम को दी बधाई

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सक्षम सिंह को राष्ट्रीय फाइनल में चौथा स्थान प्राप्त करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां योगी सरकार की शिक्षा और समान अवसरों को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों को दर्शाती हैं। सर्वोदय विद्यालयों के छात्र अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

ग्रामीण और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने पर जोर

समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक जे. राम के मुताबिक, योगी सरकार ग्रामीण और वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधन और बेहतर अवसर मुहैया कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सर्वोदय विद्यालय इस लक्ष्य को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। सक्षम सिंह की कामयाबी इस बात का उदाहरण है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।