Breaking News

साउथ लेबनान में इजरायल की ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक, बेरुत में एक इमारत तबाह     |   दिल्ली: पालम में इमारत में आग लगने से अब तक 7 लोगों की मौत, राहत कार्य जारी     |   साउथ लेबनान में इजरायल की ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक, बेरुत में एक इमारत तबाह     |   दिल्ली: पालम में एक इमारत में लगी आग, मौके पर पहुंचे 25 फायर ब्रिगेड     |   UAE के कई इलाकों में एक बार फिर मिसाइल और ड्रोन हमले     |  

फर्रुखाबाद में धमाके से हिला सपा पूर्व विधायक का घर, कमरे की छत उड़ी, दो बेटों समेत 6 जख्मी

फर्रुखाबाद के समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक और ब्रह्म दत्त द्विवेदी हत्याकांड के जेल में बंद विजय सिंह के आवास पर जोरदार धमाका हुआ है। धमाका इतना जबरदस्त था कि 3 मंजिला मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। पूर्व विधायक के दो बेटे सहित छ लोग घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी घर पहुंच गए। घटना स्थल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विस्फोट किन कारणों से हुआ है, इसकी जांच की जा रही है।

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह के तीन मंजिला मकान के बेसमेंट में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि बेसमेंट की छत उड़ गई, पूरा मकान हिल गया, घायलों में पूर्व विधायक के बेटे अविनाश उर्फ विक्की, अभिषेक उर्फ सिक्की, पूर्व प्रधान भैया लाल, ईशु, रासु शामिल हैं। जिनमें भैया लाल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

इस संबंध में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि धमाके में एक फ्लोर की छत भी टूट गई है। मौके पर फॉरेंसिक, एफएसएल टीम जांच कर रही है। जांच के बाद विस्फोट का कारण पता चलेगा। घटना में छह लोग घायल हो गए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है। पूर्व विधायक की पत्नी पूरी तरह सुरक्षित है। उनसे बातचीत हो चुकी है।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि पूर्व विधायक के बेसमेंट में धमाका हुआ है। प्रथम दृष्टया धमाका का कारण स्पष्ट नहीं है। फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। जांच के बाद ही विस्फोट का वास्तविक कारण पता चलेगा। मकान में कुल 6 लोग थे, जिनमें से 5 घायल हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भेज दिया गया है। पूर्व विधायक की पत्नी सुरक्षित है। घटना को लेकर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मकान के चीथड़े उड़ गए हैं। विस्फोट क्यों और कैसे हुआ, इसके विषय में कोई कुछ नहीं बता पा रहा है। बहुत भयानक विस्फोट हुआ है। तीन मंजिला का मकान पूरी तरह से बेकार हो गया है। बेसमेंट टूट कर गिर गई है। विजय सिंह इस समय बनारस जेल में बंद है।फर्रुखाबाद में पूर्व विधायक विजय सिंह इस समय बनारस जेल में बंद है। जिन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। उन्हें पूर्व ऊर्जा मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।