Breaking News

छत्तीसगढ़ के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, 10वीं-12वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी     |   पश्चिम बंगाल में दोपहर 3 बजे तक 78.68% वोटिंग     |   बंगाल में IMD का आंधी-तूफान का अलर्ट     |   सलीम डोला को लेकर दिल्ली से मुंबई लेकर जाएगी NCB की टीम     |   बंगाल चुनाव: भवानीपुर में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी की TMC वर्कर्स से झड़प     |  

डॉलर के मुकाबले रुपए की मजबूत वापसी, रुपया 17 पैसे मजबूत होकर 89.88 प्रति डॉलर पर बंद

रुपया मंगलवार को शुरुआती नुकसान से उबरकर 17 पैसे की बढ़त के साथ 89.88 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। अमेरिकी मुद्रा और कच्चे तेल की कीमतों के अपने उच्च स्तर से नीचे आने से भारतीय मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना के बीच विदेशी बाजार में अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने से रुपये को निचले स्तर पर समर्थन मिला। हालांकि, घरेलू शेयर बाजारों में नकारात्मक रुख और विदेशी पूंजी निकासी के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई जिससे स्थानीय मुद्रा की बढ़त सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोरी के साथ 90.15 पर खुला। घरेलू मुद्रा ने अपनी गिरावट से उबरते हुए दिन के कारोबार में सकारात्मक रुख अपनाया और 89.88 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 17 पैसे की बढ़त दर्शाता है।
रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.05 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण रुपया निचले स्तर से उबर गया। हालांकि, कमजोर घरेलू बाजारों और अमेरिकी डॉलर सूचकांक में मामूली सुधार ने तेज बढ़त को रोक दिया। उन्होंने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद के बीच अमेरिकी डॉलर के भी कमजोर रहने की आशंका है। आरबीआई का कोई भी हस्तक्षेप रुपये को सहारा दे सकता है। अमेरिकी डॉलर-भारतीय रुपये का हाजिर मूल्य 89.50 रुपये से 90.30 रुपये के बीच रहने का अनुमान है।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.98 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स 436.41 अंक की गिरावट के साथ 84,666.28 अंक पर जबकि निफ्टी 120.90 अंक फिसलकर 25,839.65 अंक पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 62.33 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 655.59 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।