Breaking News

IRCTC घोटाला: लालू परिवार के खिलाफ अब 6 मई को आएगा फैसला     |   संसद: बिल से पहले स्पीकर संग अमित शाह की बड़ी बैठक     |   तमिलनाडु: चुनाव मैदान में उतरे पलानीस्वामी, एडप्पादी में की जनसभा     |   परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत में भ्रम फैलाने की कोशिश हो रही: मंत्री किरण रिजिजू     |   लखनऊ: दो बच्चों की जलकर मौत, देर रात 50 से ज्यादा झुग्गियों में लगी थी आग     |  

राजा रघुवंशी हत्याकांड: सबूत छिपाने के आरोप में इंदौर का प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार

बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड के सबूत छिपाने के आरोप में मेघालय पुलिस ने इंदौर के एक प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया है। इंदौर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया, ‘‘राजा रघुवंशी हत्याकांड के सबूत छिपाने के मामले में मेघालय पुलिस ने इंदौर के प्रॉपर्टी डीलर शिलोम जेम्स को गिरफ्तार किया है।’’ जेम्स पर हत्याकांड की मुख्य आरोपी और राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम का वह बैग गायब करने का आरोप है जो उसने इस वारदात के बाद शहर के देवास नाका क्षेत्र के एक फ्लैट में छिपाया था। इस बैग में हत्याकांड से जुड़े ‘‘अहम सबूत’’ थे। सूयह बैग शहर के जिस फ्लैट में छिपाया गया था उसे जेम्स ने हत्याकांड के पांच गिरफ्तार आरोपियों में शामिल विशाल चौहान को किराये पर दिलाया था।

जेम्स, इंदौर में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। उसने 13 जून को खुद मीडिया के सामने आकर दावा किया था कि चौहान ने 30 मई को उससे मुलाकात करके शहर के देवास नाका क्षेत्र में 17,000 रुपये प्रति माह पर एक फ्लैट किराए पर लिया था और चौहान ने इसके लिए अनुबंध पर दस्तखत भी किए थे। मेघालय पुलिस जब सबूतों की तलाश में इस फ्लैट में पहुंची तो उसे यह फ्लैट खाली मिला था। राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद मेघालय से अपने गृह नगर इंदौर लौटी सोनम इस फ्लैट में कई दिन तक छिपी रही थी। बाद में सोनम इंदौर से एक टैक्सी के जरिए उत्तर प्रदेश पहुंची और उसने गाजीपुर जिले में पुलिस के सामने आठ जून को देर रात आत्मसमर्पण कर दिया था।

मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी की 23 मई को साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम के अलावा उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और कुशवाह के तीन दोस्तों-विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल पांचों आरोपी मेघालय की एक जेल में न्यायिक हिरासत के तहत बंद हैं। राजा रघुवंशी, मेघालय में हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हो गए थे और उनका क्षत-विक्षत शव पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में दो जून को मिला था।

राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है। उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के वास्ते मेघालय के लिए रवाना हुए थे। मेघालय पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की विस्तार से तहकीकात कर रहा है।