Breaking News

लखनऊ: सचिवालय कर्मचारी ने रेप, ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप लगाया, केस दर्ज     |   IndiGo पर DGCA की सख्ती, एयरलाइन के अकाउंटेबल मैनेजर को शो-कॉज नोटिस जारी     |   गोवा नाइट क्लब में आग की घटना के बाद पुलिस का एक्शन, मैनेजर को किया अरेस्ट     |   गोवा नाइट क्लब में आग की घटना के बाद पुलिस का एक्शन, मैनेजर को किया अरेस्ट     |   IndiGo की आज 650 उड़ानें रद्द, सिर्फ 1650 फ्लाइट्स का हो रहा संचालन     |  

इंडिगो की उड़ानें रद्द होने के बाद रेलवे ने 89 विशेष रेलगाड़ियां चलाने की घोषणा की

विमानन कंपनी इंडिगो के बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द करने से यात्री काफी परेशान हैं। इसे दूर करने के लिए रेलवे ने सभी जोन में 89 विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की। रेल मंत्रालय की समन्वित योजना के तहत, इन रेलगाड़ियों के कुल 100 फेरों की सबसे कम समय में व्यवस्था की गई है। इसके लिए नई दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरू, पटना और हावड़ा जैसे मुख्य शहरों में यात्रा भार का विश्लेषण किया गया।

रेलवे बोर्ड के सूचना और प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा, ‘‘यातायात की स्थिति के आधार पर विशेष रेलगाड़ियों की संख्या और उनके फेरों में और वृद्धि की जा सकती है। सभी जोन से कहा गया है कि वे कर्मचारियों और डिब्बों जैसे उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग करके इन रेलगाड़ियों का सुरक्षित परिचालन करें, ताकि देश के अलग-अलग हिस्सों में उड़ानें रद्द होने के कारण फंसे लाखों यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित हो सके।’’

लोगों को इन रेलगाड़ियों के बारे में बताने के प्रयास किए जा रहे हैं और कुछ मंडलों ने यात्रियों की मदद के लिए आस-पास के हवाई अड्डों पर भी जानकारी प्रसारित की गई है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने हवाई अड्डा प्राधिकरण को नई शुरू की गई विशेष रेलगाड़ियों की जानकारी देने को कहा है। रेलवे ने कहा, ‘‘पश्चिम रेलवे मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली, मुंबई सेंट्रल-भिवानी, मुंबई सेंट्रल-शकूरबस्ती, बांद्रा टर्मिनस-दुर्गापुरा, वलसाड-बिलासपुर, साबरमती-दिल्ली और साबरमती-दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन के बीच सात विशेष ट्रेन का परिचालन करेगा।’’

इसी तरह, दक्षिण मध्य रेलवे ने शनिवार को कहा कि वो इंडिगो की उड़ानों के बड़े पैमाने पर रद्द होने के कारण यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चार विशेष ट्रेन चलाएगा। विशेष सेवाएं छह से 10 दिसंबर के बीच बेंगलुरू-चेन्नई, बेंगलुरू-पुणे, यशवंतपुर-हजरत निजामुद्दीन, शालीमार-येलहंका और एकुलम-येलहंका सहित अधिक यात्री भार वाले मार्गों पर संचालित होंगी। मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे ने 14 और 10 विशेष ट्रेन का संचालन करने की योजना बनाई है।

बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए इन संख्याओं की समीक्षा की जा रही है। दूसरे जोन ने भी विशेष रेलगाड़ियों के बारे में अधिसूचनाएं और उनकी समयसारणी जारी की हैं। दक्षिण मध्य रेलवे ने कहा कि वो शनिवार को हैदराबाद से चेन्नई, मुंबई और शालीमार (कोलकाता) जाने वाले यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए विशेष ट्रेनें चला रहा है। कम से कम लगातार पांच दिन से इंडिगो की उड़ानों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द और विलंबित होने से हजारों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।