Breaking News

मुंबई में BEST बस से टकराया टैंकर, 4 यात्री घायल     |   यूपी के हरदोई में मिलावट के शक में 38 हजार लीटर दूध जब्त     |   यूपी पशुपालन भर्ती घोटाले में रिटायर्ड IAS योगेश कुमार गिरफ्तार, सपा सरकार में थे प्रमुख सचिव     |   जौहर ट्रस्ट से जुड़ी वित्तीय गड़बड़ियों में आजम खान के खिलाफ ED ने दर्ज की FIR     |   नई दिल्ली से पटना के बीच चलेगी वंदे मातरम ट्रेन, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल     |  

Punjab: चंडीगढ़ में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, सेक्टर-43 बस स्टैंड के पास संदिग्ध IED बरामद

Punjab: चंडीगढ़ के सेक्टर-43 बस स्टैंड के पास संदिग्ध IED मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आतंकी साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। इस मामले में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में चंडीगढ़ में आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की संभावित योजना सामने आई है।

पुलिस स्टेशन-36, चंडीगढ़ में मामले को लेकर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के तरनतारन जिले के सरहाली गांव निवासी 19 वर्षीय लवप्रीत सिंह, तरनतारन के देवबाथ गांव निवासी 21 वर्षीय जसनप्रीत सिंह और अमृतसर जिले के तरसिक्का गांव निवासी 19 वर्षीय प्रभप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 5 किलो जिलेटिन स्टिक विस्फोटक, एक डेटोनेटर, पावर सोर्स और रिमोट से संचालित सिस्टम बरामद किया है। इसके अलावा एक पिस्टल, एक मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस भी मिले हैं। संदिग्ध IED को टिफिन में रखा गया था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बस स्टैंड के पास धमाके की साजिश रची गई थी।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गिरफ्तार संदिग्ध पाकिस्तान में बैठे किसी हैंडलर के संपर्क में थे या नहीं। साथ ही, खालिस्तानी आतंकी सतनाम सिंह उर्फ सत्ता नौशेरा से उनके संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे और खुलासे होने की उम्मीद है।