Breaking News

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच US का अलर्ट, लेबनान की यात्रा से बचें     |   सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे अन्ना हजारे     |   सुप्रीम कोर्ट में पत्र याचिका दायर, सोनम वांगचुक को दोबारा जंतर-मंतर भेजने की मांग     |   जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सड़क दुर्घटना में 6 लोग घायल     |   जंतर-मंतर पर अभिजीत दिपके पर महिला ने फेंकी इंक     |  

Amarnath Yatra: सरकार के  इंतजामों से तीर्थयात्रियों में खुशी, सेना की भी जमकर प्रशंसा की

Amarnath Yatra 2025: सालाना अमरनाथ तीर्थयात्रा में शामिल होने के लिए शुक्रवार को जम्मू से 6,400 से अधिक तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था रवाना हुआ। गुरुवार को 38 दिवसीय वार्षिक यात्रा दो मार्गों - अनंतनाग जिले के पहलगाम और गंदेरबल जिले के बालटाल से शुरू हुई थी, तब से अब तक लगभग 14,000 तीर्थयात्री 3,880 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर में प्रार्थना कर चुके हैं। दर्शन के बाद लौटने वालों ने व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।

तीर्थयात्रा से लौटने वाले एक श्रद्धालु अक्षय भारद्वाज ने कहा, "हमने बाबा के दर्शन किए और यह वास्तव में एक अद्भुत अनुभव था। हम अधिक से अधिक लोगों से अपील करते हैं कि वे आएं और बाबा के दर्शन करें। यहां सभी व्यवस्थाएं बेहतरीन हैं और किसी भी तरह का डर नहीं है। कुछ लोगों द्वारा डर या खतरे के बारे में फैलाई जा रही अफवाहें पूरी तरह से झूठी हैं। यहां डर का कोई माहौल नहीं है।"

6,411 तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था, जिसमें 4,723 पुरुष, 1,071 महिलाएं, 37 बच्चे, 580 साधु-साध्वियां और 291 वाहनों में सवार होकर रवाना हुए। यह जत्था भगवती नगर यात्री निवास से दो समूहों में सुबह 3.15 बजे और सुबह चार बजे सीआरपीएफ की सुरक्षा में बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना हुआ।

3,622 तीर्थयात्रियों ने 138 वाहनों में 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग से यात्रा की, जबकि 2,789 तीर्थयात्रियों ने 153 वाहनों में सवार होकर 14 किलोमीटर लंबे छोटे लेकिन खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल मार्ग से यात्रा की।

अब तक 3.5 लाख से अधिक लोगों ने तीर्थयात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। जम्मू में 34 आवास केंद्र बनाए गए हैं और तीर्थयात्रियों को रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) टैग जारी किए जा रहे हैं। तीर्थयात्रियों के मौके पर ही पंजीकरण के लिए 12 काउंटर बनाए गए हैं। गुरुवार से अब तक करीब 14,000 तीर्थयात्री पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके हैं।