Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

अगले हफ्ते न्यूजीलैंड के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे PM मोदी, दोनों देशों के संबंधों को मिलेगी नई रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते पहली बार आधिकारिक दौरे पर न्यूजीलैंड जाएंगे। इस बात की जानकारी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों के लिए बेहद अहम होगा। लक्सम ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। ऐसे में भारत के साथ मजबूत साझेदारी न्यूजीलैंड की आर्थिक प्रगति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

पीएम मोदी का यह दौरा अप्रैल 2026 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के बाद हो रहा है। इस वजह से इसे दोनों देशों के रिश्तों में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। लक्सम ने कहा कि इस समझौते से न्यूजीलैंड में रोजगार बढ़ेंगे, निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही न्यूजीलैंड के कारोबारियों को भारत के 140 करोड़ लोगों के बड़े बाजार तक पहुंच मिलेगी।

न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने पहले बताया था कि इस समझौते के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार आने वाले वर्षों में दोगुना हो सकता है। न्यूजीलैंड सरकार अगले 15 साल में भारत में करीब 20 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये) का निवेश करने की योजना बना रही है।

इस निवेश को आसान बनाने के लिए भारत सरकार 'न्यूजीलैंड सिंगल डेस्क' बनाएगी, जिससे न्यूजीलैंड के निवेशकों को सरकारी मंजूरियां जल्दी मिल सकेंगी। भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते से दोनों देशों के किसानों, छोटे उद्योगों, निर्माताओं, महिला उद्यमियों, छात्रों और कुशल पेशेवरों को फायदा होगा। इसके अलावा कृषि, निवेश, रोजगार, पर्यटन, खेल और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को भी नई मजबूती मिलेगी।