Breaking News

काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |   जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार     |   जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट के बीच दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद     |   राज्यसभा में जोरदार हंगामा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस     |   दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |  

उत्तराखंड दौरे पर नितिन नवीन, CM धामी संग बीसी खंडूरी को दी श्रद्धांजलि

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ देहरादून में पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बीसी खंडूरी ने हमेशा संगठन की विचारधारा और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को सर्वोपरि रखा। उन्होंने कहा कि उनका अनुशासित नेतृत्व और जनसेवा के प्रति समर्पण पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष और बीसी खंडूरी की पुत्री ऋतु भूषण खंडूरी ने भाजपा नेताओं के दौरे पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव का घर आकर श्रद्धांजलि देना उनके पिता के प्रति सम्मान और स्नेह को दर्शाता है। इसके बाद भाजपा नेताओं ने देहरादून के वेलकमहोटल द मधुबन में उत्तराखंड के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ बैठक की। यह बैठक आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई थी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सांसदों और विधायकों को गांव-गांव तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का लक्ष्य दिया है।उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 बुद्धिजीवियों की सूची तैयार कर उनसे संपर्क स्थापित किया जाएगा। साथ ही सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि जिन सीटों पर भाजपा पिछली बार जीत दर्ज नहीं कर पाई थी, वहां सांसदों और विधायकों को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी जाएगी। वहीं कम अंतर से जीती गई सीटों पर जीत का अंतर बढ़ाने की रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि सरकार के 10 साल के कार्यकाल और योजनाओं को लेकर पुस्तिकाएं और पत्रक तैयार कर गांव-गांव वितरित किए जाएंगे। भाजपा की यह बैठक 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।