गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गुरुवार को अहमदाबाद में नवनिर्मित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तकनीक आधारित, पारदर्शी और बेहतर सरकारी सेवाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नए आरटीओ कार्यालय के शुरू होने से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) समेत कई सेवाएं लोगों को पहले से अधिक आसान और तेज़ी से मिल सकेंगी।
हर्ष संघवी ने बताया कि नए ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक से ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। इससे केवल योग्य आवेदकों को ही लाइसेंस मिलेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने लोगों से नए आरटीओ कार्यालय में साफ-सफाई बनाए रखने और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं की देखभाल करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। गुजरात मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, अहमदाबाद के सुभाष ब्रिज स्थित इस नए आरटीओ कार्यालय का निर्माण राज्य सरकार के बंदरगाह एवं परिवहन विभाग ने कराया है। यहां आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कार्यालय में परिवहन और गैर-परिवहन वाहनों से जुड़ी सेवाएं, नए वाहन का पंजीकरण, परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, ब्लैकलिस्ट से जुड़े कार्य, ड्राइविंग लाइसेंस, डीएल/चालान शाखा, आरएमए, एएमसी टैक्स और कैश सेवाओं के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। सरकार का कहना है कि इन सुविधाओं से लोगों को एक ही जगह पर कई सेवाएं आसानी, पारदर्शिता और कम समय में मिल सकेंगी।
उद्घाटन समारोह में शहरी विकास राज्य मंत्री दर्शना वाघेला, मेयर हितेश बारोट, सांसद दिनेश मकवाना, शहर भाजपा अध्यक्ष प्रेरक शाह, कई विधायक, बंदरगाह एवं परिवहन विभाग के प्रधान सचिव हरीत शुक्ला, परिवहन आयुक्त राजेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।