Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

कानपुर में कुदरत का कहर, आंधी-बारिश में ऑटो पर गिरा पेड़, महिला और चालक की दर्दनाक मौत

कानपुर के काकादेव इलाके में कुदरत का कहर देखने को मिला है. शनिवार को हुई तेज हवाओं और बारिश के बीच एक विशालकाय पेड़ चलते ऑटो-रिक्शा पर गिर गया, जिससे दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया और घंटों तक चले बचाव अभियान के बाद फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला जा सका.

कानपुर के व्यस्ततम इलाकों में से एक काकादेव में शनिवार को मौसम का मिजाज बिगड़ना जानलेवा साबित हुआ. तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के दौरान सड़क किनारे खड़ा एक पुराना पेड़ अचानक चलते हुए ऑटो-रिक्शा पर गिर गया. हादसे के वक्त ऑटो में करीब पाँच से छह लोग सवार थे, जो भारी पेड़ के नीचे पूरी तरह दब गए. जैसे ही पेड़ गिरा, स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े. सूचना मिलते ही काकादेव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. ऑटो पेड़ के भारी तने के नीचे इस कदर पिचक गया था कि लोगों को बाहर निकालना नामुमकिन लग रहा था. 

इसके बाद कटर मशीनों की मदद से पेड़ को टुकड़ों में काटा गया. लगभग दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी फंसे हुए लोगों को
बाहर निकाला जा सका. इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. अन्य घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है. मृतकों की शिनाख्त की जा रही है और उनके परिजनों को सूचना दी गई है.
इस हादसे के बाद तेज बारिश और हवाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने लोगों से पुराने पेड़ों और जर्जर इमारतों से दूर रहने की अपील की है.