Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

माता वैष्णो देवी यात्रा ने पार किया 50 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा, पिछले साल से 10.86 लाख अधिक पहुंचे भक्त

श्री माता वैष्णो देवी यात्रा ने इस वर्ष एक बड़ा कीर्तिमान हासिल किया है। 22 जून तक पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। इस साल अब तक 50.70 लाख श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन कर चुके हैं। यह उपलब्धि पिछले वर्ष की तुलना में काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्ष 2025 की इसी अवधि में लगभग 39.84 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 50.70 लाख पहुंच गई है। यानी पिछले साल के मुकाबले 10.86 लाख अधिक श्रद्धालु यात्रा पर पहुंचे हैं।

श्राइन बोर्ड के अनुसार, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या माता वैष्णो देवी के प्रति देश-विदेश के भक्तों की अटूट आस्था और विश्वास को दर्शाती है। साथ ही यह यात्रा प्रबंधन और सुविधाओं पर श्रद्धालुओं के भरोसे का भी प्रमाण है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा के नेतृत्व में यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इनमें बेहतर बुनियादी ढांचा, आवास सुविधाएं, स्वच्छता व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, बैटरी कार और रोपवे सेवाएं, आपदा प्रबंधन तथा डिजिटल सुविधाएं शामिल हैं। श्राइन बोर्ड का मानना है कि वर्ष के इस चरण में 50 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार होना यात्रा के प्रति बढ़ते उत्साह का संकेत है और आने वाले महीनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है।