Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

बेंगलुरु के पास पेट्रोल टैंकर में भीषण आग, दूध से भरा ट्रक भी चपेट में, सभी चालक सुरक्षित

कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण जिले के डोड्डाबल्लापुर के बाहरी इलाके में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पेट्रोल से भरा एक टैंकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में मौजूद एक दूध से भरा ट्रक भी इसकी चपेट में आ गया। हालांकि, दोनों वाहनों के चालक समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। यह हादसा डोड्डाबेलवंगला थाना क्षेत्र के अंतर्गत 11वें माइल के पास हुआ। पेट्रोल टैंकर का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद टैंकर पेड़ से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद टैंकर में भीषण आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने पास में रिवर्स हो रहे दूध के ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।आग लगते ही दोनों चालकों ने फुर्ती दिखाते हुए अपने-अपने वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए इस व्यस्त मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। डोड्डाबेलवंगला पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की विस्तृत जांच जारी है।

वहीं, कर्नाटक के धारवाड़ जिले में गुरुवार तड़के एक अन्य सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यल्लापुर तालुक के अरबैल घाट के पास एक मल्टी यूटिलिटी व्हीकल (एमयूवी) की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग धारवाड़ के रहने वाले थे और धर्मस्थल सहित अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा पर जा रहे थे।  मृतकों की पहचान संजय अंगड़ी (33), बसवराज (48), अभिषेक ईश्वर (28), अक्षय (26), अभिषेक (26) और मंजूनाथ चुलकी (32) के रूप में हुई है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।