Breaking News

MP: ट्विशा की मौत केस में आरोपी पति समर्थ को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में लिया     |   पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पीएम मोदी संग 45 तक चली मुलाकात     |   ट्विशा शर्मा केस: सास गिरिबाला की जमानत रद्द करने की याचिका पर 25 मई को सुनवाई     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर रह गया: RBI     |   मध्य प्रदेश: ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर किया     |  

रिलायंस, एयरटेल, एचडीएफसी बैंक जैसी बड़ी कंपनियों में खरीदारी से शेयर बाजार में तीसरे दिन भी तेजी

अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को अपरिवर्तित रखने के फैसले के बाद मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी गुरुवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। बाजार में सकारात्मक गति को भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस जैसे अग्रणी शेयरों में खरीदारी से रफ्तार मिली।

निवेशक बाजार पर इसके संभावित असर के लिए आगामी केंद्रीय बजट का बेताबी से इंतजार कर रहे हैं। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 226 अंक बढ़कर 76,759 पर जबकि एनएसई निफ्टी 86 अंक चढ़कर 23,249 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में भारती एयरटेल, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, बजाज फाइनेंस, नेस्ले इंडिया और महिंद्रा एंड महिंद्रा सबसे ज्यादा चढ़े। वहीं टाटा मोटर्स, आईटीसी होटल्स, बजाज फिनसर्व, अडाणी पोर्ट्स और जोमैटो के शेयर सबसे ज्यादा लुढ़के।

सेक्टोरल फ्रंट पर टेलीकॉम, ऑयल एंड गैस, रियलिटी, हेल्थकेयर, एफएमसीजी और निजी क्षेत्र के बैंकिंग शेयरों ने बाजार की रफ्तार को आगे बढ़ाया। वहीं आईटी, ऑटो और मीडिया शेयरों ने बाजार को नीचे खींचा। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई बढ़त के साथ जबकि इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट गिरावट के साथ बंद हुआ। दक्षिण कोरिया, शंघाई और हॉन्गकॉन्ग के बाजार छुट्टियों के कारण बंद रहे। यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बुधवार को वॉल स्ट्रीट में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध विक्रेता रहे। उन्होंने 2,586 करोड़ रुपए से ज्यादा के शेयर बेचे।