Breaking News

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज     |   लखनऊ अग्निकांड मामले में SIT की जांच शुरू     |   राजस्थान के 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट     |   लखनऊ अग्निकांड: सभी आरोपियों को जेल भेजा गया     |   CUET UG के नतीजे घोषित     |  

मणिशंकर अय्यर ने चीनी हमले के लिए 'कथित' शब्द का इस्तेमाल किया, बाद में माफी मांगी

कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने 1962 में हुए चीनी हमले के लिए गलती से ‘कथित’ शब्द का इस्तेमाल करने के लिए मंगलवार को माफी मांगी। भारतीय जनता पार्टी ने अय्यर के इस बयान को बेशर्मी वाला बताया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि अय्यर ने बाद में ‘‘गलती से’’ ‘‘कथित आक्रमण’’ शब्द का इस्तेमाल करने के लिए माफी मांगी है और पार्टी का उनके बयान से कोई लेना-देना नहीं है। 

रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मई 2020 में चीन की घुसपैठ के लिए उसे ‘‘क्लीन चिट’’ देने का भी आरोप लगाया। ‘फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब’ में आयोजित कार्यक्रम के कथित वीडियो के मुताबिक, अय्यर ने एक किस्सा सुनाते हुए कहा, ‘‘अक्टूबर 1962 में, चीनियों ने कथित तौर पर भारत पर हमला किया।’’

विवाद होने के बाद अय्यर ने सफाई में कहा, "आज शाम ‘चीनी आक्रमण’ से पहले गलती से ‘कथित’ शब्द का इस्तेमाल करने के लिए मैं माफी मांगता हूं। "पहले भी अपनी टिप्पणियों के लिए सुर्खियों में रहे मणिशंकर अय्यर ने ये विवादित बयान ‘‘नेहरूज़ फर्स्ट रिक्रूट्स’’ बुक लॉन्च कार्यक्रम के दौरान दिया। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने अय्यर के बयान को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। 

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "मणिशंकर अय्यर ने नेहरूज फर्स्ट रिक्रूट्स नाम की पुस्तक के विमोचन के दौरान एफसीसी में बोलते हुए 1962 में चीनी आक्रमण को ‘कथित’ बताया। ये ‘रिवीजनिज्म’ का एक निर्लज्ज प्रयास है। कांग्रेस का चीनियों के प्रति प्रेम क्या दर्शाता है? "