Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

यूपी के बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत, सिक्योरिटी राशि पर मिलेगा 6.5% ब्याज

उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। बिजली कंपनियों ने उपभोक्ताओं की जमा सिक्योरिटी राशि पर 6.50 प्रतिशत ब्याज देने का फैसला किया है। इससे प्रदेश के करीब 3.73 करोड़ उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। अनुमान है कि कुल मिलाकर लगभग 300 करोड़ रुपये ब्याज के रूप में लौटाए जाएंगे। यह राशि उपभोक्ताओं के बिजली बिल में समायोजित की जाएगी। जिन लोगों के जून के बिल में यह रकम नहीं जुड़ पाई है, उन्हें इसका लाभ जुलाई के बिजली बिल में मिल जाएगा। बिजली कंपनियां बिलिंग सॉफ्टवेयर के जरिए यह प्रक्रिया अपने आप कर रही हैं।

नियमों के अनुसार, बिजली उपभोक्ताओं को उनकी जमा सिक्योरिटी राशि पर हर साल ब्याज पाने का अधिकार है। इसी नियम के तहत इस बार 6.50 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जा रहा है। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने उपभोक्ताओं से कहा है कि वे अपना बिजली बिल ध्यान से जांचें। अगर किसी को ब्याज की राशि का लाभ नहीं मिला है, तो वह संबंधित बिजली विभाग या वितरण कंपनी से संपर्क कर सकता है।