Breaking News

मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |   सिक्किम टनल लैंडस्लाइड में अबतक 9 शव बरामद     |  

CM योगी का बड़ा निर्देश, UP में बारिश-बिजली से हुए नुकसान का 24 घंटे में मिलेगा मुआवजा

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बारिश और बिजली गिरने से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का आकलन करने और प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने को कहा है।

सीएम योगी ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लेने और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा है। साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, पुलिस, राजस्व, सिंचाई, स्वास्थ्य, पशुपालन और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने बांधों और तटबंधों की 24 घंटे निगरानी करने और नियमित पेट्रोलिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक कारणों के साथ-साथ असामाजिक तत्वों से तटबंधों को नुकसान पहुंचने की आशंका को लेकर भी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, समय पर उनका टीकाकरण कराने और नदियों की चैनलाइजेशन का काम लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। आग से प्रभावित गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर देने और शहरी इलाकों में खुले मैनहोल को तुरंत ढकने को भी कहा गया है।

सीएम योगी ने लोगों से अपील की है कि आकाशीय बिजली के दौरान बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें। भारी बारिश के दौरान नदियों और अन्य जलाशयों में नहाते समय भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री ने बारिश की स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की थी। उन्होंने कहा कि राज्य के कुछ इलाकों में कम बारिश के कारण सूखे का खतरा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में ज्यादा बारिश से बाढ़ की स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि बाढ़ हो या सूखा, हर नागरिक की सुरक्षा, किसानों की फसलों की रक्षा और आम लोगों की आजीविका बचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस बीच मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, अयोध्या, सहारनपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बिजनौर, मुरादाबाद समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।