Breaking News

दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूचबिहार और नॉर्थ बंगाल के अन्य जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी     |   लेबनान के जमालिया शहर में इज़रायली हवाई हमले में तीन लोगों की मौत     |   अफगानिस्तान का बदला... पाकिस्तान पर ड्रोन अटैक, ISIS के अड्डों में मचाया कोहराम     |   जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में आतंकी सपोर्ट नेटवर्क ध्वस्त, गिरफ्त में आए दो आरोपी     |   NEET UG री-एग्जाम: NMC ने मेडिकल कॉलेजों को जारी किए सख्त दिशा-निर्देश     |  

यूपी ATS की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क के दो संदिग्ध गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क के दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि बुलंदशहर जिले से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद उमर और फैजान के रूप में हुई है। यूपी के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के निर्देश पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट का नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए स्लीपर सेल तैयार करने और आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने का काम कर रहा था।

उन्होंने बताया कि 17 जून 2026 को यूपी ATS ने मोहम्मद उमर और फैजान को गिरफ्तार किया। जांच में आरोपियों के पास से आबिद जट के पोस्टरों के वीडियो समेत कई डिजिटल सबूत बरामद हुए हैं। एडीजी अमिताभ यश के अनुसार, आरोपियों को पाकिस्तानी गैंगस्टरों के निर्देश पर विभिन्न स्थानों पर आबिद जट के पोस्टर लगाने और डर व आतंक का माहौल बनाने का काम सौंपा गया था। इसके अलावा उन्हें सेना की छावनी (आर्मी कैंटोनमेंट) की रेकी करने का भी निर्देश दिया गया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। वहीं, आरोपी मोहम्मद उमर के पिता सलीमुद्दीन ने बेटे पर लगे आरोपों की जानकारी होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा तीन दिन के लिए घूमने गया था और उन्हें केवल पोस्टर लगाने की बात पता चली है। उन्होंने कहा कि यदि उनका बेटा दोषी है तो सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई करे, लेकिन अगर वह निर्दोष है तो उसे रिहा किया जाए। पुलिस और ATS मामले की जांच में जुटी हुई है और इस नेटवर्क के अन्य संभावित कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं।