Breaking News

योगी आदित्यनाथ कर्तव्य भवन पहुंचे, गृहमंत्री अमित शाह से करेंगे मुलाकात     |   बांकीपुर से वीणा मानवी का नामांकन रद्द     |   जेल में बंद आसाराम ने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट से फिर लगाई गुहार     |   कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल: 1 महीने के उच्चतम स्तर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड     |   J-K के सांबा जिले में ड्रोन मार गिराया गया     |  

महाराष्ट्र ATS की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संपर्क के शक में 66 लोगों से पूछताछ शुरू

महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने मंगलवार को पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित संपर्क के शक में पुणे जिले के 66 लोगों से पूछताछ शुरू की। यह कार्रवाई सुबह 7 बजे से पुणे शहर पुलिस, पुणे ग्रामीण पुलिस और पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय की मदद से विभिन्न स्थानों पर की गई। ATS के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि शहजाद भट्टी सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को प्रभावित कर उन्हें राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए उकसाने की कोशिश कर रहा था।

एटीएस ने बताया कि 10 जुलाई को राज्यभर में चलाए गए अभियान के तहत 14 क्षेत्रीय इकाइयों की 58 टीमों ने 102 लोगों से पूछताछ शुरू की थी, जिनके शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में होने का संदेह था। जांच एजेंसी का दावा है कि भट्टी और उसके सहयोगियों ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी या कई अकाउंट बनाकर भारतीय युवाओं से संपर्क किया।

ATS के मुताबिक, यह नेटवर्क धार्मिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील मुद्दों का इस्तेमाल कर युवाओं में असंतोष फैलाने और उन्हें कट्टरपंथ की ओर धकेलने की कोशिश कर रहा था। जांच एजेंसी का यह भी आरोप है कि बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को पैसों का लालच देकर राष्ट्रविरोधी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल करने का प्रयास किया गया।

एटीएस को आशंका है कि यह नेटवर्क गोपनीय सूचनाएं जुटाने, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों की सप्लाई और देश में स्लीपर सेल या स्थानीय नेटवर्क तैयार करने जैसी गतिविधियों में भी शामिल हो सकता है। हालांकि, इन आरोपों की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

महाराष्ट्र ATS ने लोगों, खासकर युवाओं, से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति से संपर्क न करें। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि देश की सुरक्षा के खिलाफ किसी भी गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।