Breaking News

वेदांता ग्रुप के दफ्तरों पर ED की रेड, कल से चल रहा है सर्च     |   कर्नाटक कांग्रेस को मिलेगा नया कार्यालय, कल शिलान्यास करेंगे राहुल गांधी और खड़     |   कर्नाटकः डीके शिवकुमार 10 जून से शुरू करेंगे जन यात्रा     |   पश्चिम बंगालः आज शाम दिल्ली रवाना होंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   केरलः डिप्टी स्पीकर चुनाव में NDA के विधायकों ने नहीं डाले वोट, किया बहिष्कार     |  

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को बड़ी सफलता, महाराष्ट्र में तीसरी पर्वतीय सुरंग का निर्माण पूरा

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत महाराष्ट्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। पालघर जिले के दहानू तालुका स्थित अंबेसरी गांव में परियोजना की तीसरी पर्वतीय सुरंग (माउंटेन टनल) की खुदाई का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह सुरंग 417 मीटर लंबी और 14.4 मीटर चौड़ी है, जिसे बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की अप और डाउन दोनों पटरियों के लिए तैयार किया गया है। सुरंग की खुदाई दोनों ओर से नियंत्रित ड्रिलिंग और ब्लास्टिंग तकनीक के माध्यम से की गई।

निर्माण के दौरान सुरक्षा और संरचनात्मक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक निगरानी प्रणालियों और भू-तकनीकी उपकरणों का उपयोग किया गया। कंपन, सुरंग की स्थिति और आसपास की संरचनाओं पर नजर रखने के लिए सरफेस सेटलमेंट पॉइंट (SSP), 3D टारगेट, स्ट्रेन गेज और सीस्मोग्राफ जैसे उपकरण लगाए गए थे। परियोजना के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। इसके लिए सुरंग के भीतर उचित वेंटिलेशन, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, नियंत्रित प्रवेश और लगातार भू-तकनीकी निगरानी की व्यवस्था की गई। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में कुल 8 पर्वतीय सुरंगें बनाई जा रही हैं। इनमें से 7 महाराष्ट्र के पालघर जिले और 1 गुजरात के वलसाड जिले में स्थित है।

अब तक चार सुरंगों की खुदाई पूरी हो चुकी है—

  • MT-08 (350 मीटर) – 5 अक्टूबर 2023 को पूर्ण
  • MT-05 (1.5 किलोमीटर) – 2 जनवरी 2026 को पूर्ण
  • MT-06 (454 मीटर) – 3 फरवरी 2026 को पूर्ण
  • MT-07 (417 मीटर) – 1 जून 2026 को पूर्ण

बाकी चार सुरंगों पर भी तेजी से काम चल रहा है।

  • MT-04 की करीब 60% खुदाई पूरी हो चुकी है।
  • MT-03 का 80% से अधिक कार्य पूरा हो गया है।
  • MT-02 और MT-01 में भी खुदाई का काम लगातार जारी है।

पिछले पांच महीनों में महाराष्ट्र में तीन पर्वतीय सुरंगों की खुदाई पूरी होना परियोजना की तेज प्रगति को दर्शाता है। खास बात यह है कि वापी और बोइसर बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित तीनों पर्वतीय सुरंगों (MT-08, MT-07 और MT-06) का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर महाराष्ट्र के बोइसर और गुजरात के वापी के बीच स्थित महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र से होकर गुजरता है। इस खंड में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसे परियोजना के सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सों में से एक माना जाता है।