Breaking News

निठारी कांड: सुरेंद्र कोली के शव को पुलिस ने कब्जे में लिया, शुरू की आगे की जांच     |   निठारी कांड में बरी होने के बाद हरिद्वार में रहने लगा था सुरेंद्र कोली, बेचता था चाय     |   निठारी कांड में बरी हुए सुरेंद्र कोली ने की आत्महत्या, हरिद्वार में चाय की दुकान में लगाई फांसी     |   FSSAI की बच्चों के न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स को लेकर नेस्ले इंडिया पर कानूनी कार्रवाई     |   तेजस को मिला उड़ान का फाइनल क्लियरेंस, HAL ने दिया अप्रूवल     |  

CM योगी के नेतृत्व में सिख समाज के हित में किए जा रहे कार्यों की LG तरनजीत सिंह संधू को दी जानकारी

दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के लखनऊ आगमन पर उत्तर प्रदेश राज्य अल्पसंख्यक आयोग के वरिष्ठ सदस्य और उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सिख समाज के हित में किए जा रहे कार्यों और महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी गई।

सरदार परविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने वीर बाल दिवस मनाने की पहल रखी थी। वर्ष 2018 में उन्होंने दोबारा आग्रह किया कि चारों साहिबजादों की शहादत को ध्यान में रखते हुए वीर बाल दिवस यानी साहिबजादा दिवस को सम्मानपूर्वक मनाया जाए। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए लखनऊ से इसकी शासकीय स्तर पर शुरुआत की। मुख्यमंत्री आवास पर पहली बार गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश और कीर्तन-गुरबाणी का आयोजन भी कराया गया।

ggfgf

प्रतिनिधिमंडल की ओर से बताया गया कि उत्तर प्रदेश में कक्षा 8, 9 और 10 के पाठ्यक्रम में श्री गुरु नानक देव जी, श्री गुरु तेग बहादुर जी, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और चारों साहिबजादों के इतिहास को शामिल किया गया है। वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रदेश के करीब तीन करोड़ विद्यार्थी भाषण, निबंध, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी तक सिख गुरुओं और साहिबजादों के इतिहास व बलिदान की जानकारी पहुंचाना है।

सरदार परविंदर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले वर्षों में सिख धर्म के गुरुओं के प्रकाश उत्सव, शहीदी पर्व और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर करीब 100 कार्यक्रमों में सहभागिता की है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके अनुरोध पर लखनऊ में खालसा चौक का निर्माण कराया गया। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न गुरुद्वारों के जीर्णोद्धार और विकास के लिए सरकार की ओर से धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित स्मृति-चिह्न उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू को भेंट किया। इस दौरान उन्हें शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा गुरुद्वारा यहियागंज की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में भी सरदार परविंदर सिंह ने हिस्सा लिया और प्रतिनिधिमंडल की ओर से उपराज्यपाल का स्वागत किया।

प्रतिनिधिमंडल में सरदार तरनजीत सिंह, सरदार हरप्रीत सिंह, सरदार चरणजीत सिंह होरा, सरदार कवलजीत सिंह और सरदार त्रिलोचन सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सिख समाज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से किए जा रहे कार्यों के लिए आभार व्यक्त करता है और सामाजिक समरसता, धार्मिक सद्भाव व राष्ट्र निर्माण के लिए सहयोग जारी रखेगा।