बॉलीवुड फिल्म 'कोई... मिल गया' में बिट्टू सरदार का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए अभिनेता अनुज पंडित शर्मा शादी के बंधन में बंध गए हैं। अभिनेता ने डॉ. प्रभज्योत चावला के साथ निजी समारोह में विवाह किया। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनके पुराने किरदार को याद कर रहे हैं।
अनुज ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की कुछ झलकियां साझा कीं। दोनों ने हिंदू और सिख परंपराओं के अनुसार विवाह की रस्में पूरी कीं। समारोह में पवित्र अग्नि के सामने फेरे लेने के बाद गुरुद्वारे में विवाह से जुड़े आधिकारिक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी किए गए।
शादी के खास मौके पर अनुज ऑफ-व्हाइट रंग की कढ़ाईदार शेरवानी में दिखाई दिए। वहीं डॉ. प्रभज्योत चावला ने लाल रंग का पारंपरिक ब्राइडल लहंगा पहना। कपल ने करीबी लोगों की मौजूदगी में अपने नए जीवन की शुरुआत की।
प्रभज्योत चावला सोशल मीडिया प्रोफाइल के अनुसार, हेल्थ और वेलनेस प्लेटफॉर्म की संस्थापक हैं। वह फिटनेस के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।
'कोई... मिल गया' से मिली पहचान
अनुज पंडित शर्मा को साल 2003 में रिलीज हुई ऋतिक रोशन की फिल्म 'कोई... मिल गया' में बिट्टू सरदार की भूमिका से खास पहचान मिली थी। इसी साल वह फिल्म 'डरना मना है' में भी नजर आए थे। अभिनेता अब अनुज्ज अनिल शर्मा नाम से भी जाने जाते हैं।
इसके बाद उन्होंने 'से सलाम इंडिया' (2007) और 'टोटल सियापा' (2014) जैसी फिल्मों में काम किया। 'टोटल सियापा' में उन्होंने यामी गौतम के किरदार के भाई मानव की भूमिका निभाई थी।
टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी किया काम
फिल्मों के अलावा अनुज ने टेलीविजन की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई। साल 2015 से 2016 के बीच प्रसारित 'परवरिश' के दूसरे सीजन में उन्होंने जोगिंदर उर्फ जोगी खुराना का किरदार निभाया। इसके बाद 2017-2018 में कॉमेडी शो 'आदत से मजबूर' में सनी की भूमिका में दिखाई दिए।
डिजिटल मनोरंजन की दुनिया में भी अभिनेता ने कदम रखा। साल 2021 में उन्होंने शॉर्ट कॉमेडी वेब सीरीज 'बामिनी एंड बॉयज' में उत्पल का किरदार निभाया था। यह सीरीज डिज्नी+ हॉटस्टार पर स्ट्रीम हुई थी।
आगामी प्रोजेक्ट 'कॉमन आदमी' में आएंगे नजर
अनुज इन दिनों अपने आने वाले प्रोजेक्ट 'कॉमन आदमी' से जुड़े हुए हैं। इस प्रोजेक्ट में वह अभिनय के साथ-साथ लेखन में भी योगदान दे रहे हैं। खुशाल एस. राठौर के निर्देशन में बन रहे इस प्रोजेक्ट में ऋतुपर्णा सेनगुप्ता, सोनाली कुलकर्णी, बृजेंद्र काला और अलका अमीन सहित कई कलाकार शामिल हैं।
अभिनय और स्क्रिप्ट लेखन के अलावा अनुज म्यूजिक वीडियो में भी काम कर चुके हैं। वह जी म्यूजिक कंपनी के गाने 'मेरी हीरिय्ये' में कनिका कपूर के साथ नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने 'तेरे वास्ते' में भी अभिनय किया है।