फिल्मकार किरण राव ने शुक्रवार को अभिनेता इमरान खान का समर्थन किया। मुंबई में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के कारण विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) ने इमरान खान को देश छोड़ने का नोटिस दिया है। इमरान खान ‘आई हेट लव स्टोरीज’ (2010) और ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ (2011) सहित कई बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुके हैं। वो ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्डधारक हैं।
आव्रजन और विदेशी नागरिक अधिनियम के प्रावधानों के कथित उल्लंघन के आरोप में एफआरआरओ ने उन्हें नोटिस जारी किया है। आमिर खान की पूर्व पत्नी किरण राव ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “43 साल की उम्र। इनमें से 40 साल भारत में बिताए। यहीं पढ़ाई की, यहीं काम किया, यहीं सफलता मिली, यहीं असफलता मिली, यहीं प्यार किया और यहीं संघर्ष किया।”
इमरान खान ने 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने इमरान खान, उनकी साथी लेखा वाशिंगटन और उनकी चचेरी बहन जायन मैरी खान को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था।
अभिनेता ने पुलिस वाहन के अंदर से अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा था, “लगता है, मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।” हिरासत में लिए जाने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए इमरान ने कहा था, “मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां एक नागरिक के तौर पर आया हूं, एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर जो इस शहर में रहता है। मैं यह देखने आया हूं कि लोगों की आवाजाही की आजादी पर रोक क्यों लगाई जा रही है और उनकी आवाज क्यों दबाई जा रही है।”
अभिनेता के खिलाफ एफआरआरओ का नोटिस भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता किरीट सोमैया की शिकायत के बाद जारी किया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया था कि अमेरिकी पासपोर्ट धारक और ओसीआई कार्ड रखने के बावजूद इमरान खान ने सीजेपी के प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
अभिनेता इमरान खान के वकील ने पुष्टि की है कि वे इस नोटिस को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती देंगे।