Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

केतन अग्रवाल हत्याकांड: सिया के मोबाइल चैट ने खोली पोल, बयानों से नहीं खा रहे मेल, पुलिस ने किया दावा

केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में नया मोड़ सामने आया है। लोनावला पुलिस का कहना है कि मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल पूछताछ के दौरान लगातार अलग-अलग बयान दे रही है। वहीं, दोनों के मोबाइल फोन से मिले चैट उसके दावों से मेल नहीं खाते। पुलिस के अनुसार, सिया ने पूछताछ में कहा कि उसने केतन से शादी करने से इनकार कर दिया था। उसका दावा है कि उसने केतन को बताया था कि वह इस समय शादी नहीं करना चाहती। सिया के मुताबिक, केतन उससे कहता था कि अब बहुत देर हो चुकी है और रिश्ता काफी आगे बढ़ चुका है, इसलिए पीछे हटना संभव नहीं है।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि उनके पास सिया और केतन दोनों के मोबाइल फोन हैं। इनमें मिले चैट से पता चलता है कि दोनों शादी से पहले एक सामान्य प्रेमी-प्रेमिका की तरह बातचीत कर रहे थे और एक-दूसरे के प्रति स्नेह भी जता रहे थे। मोबाइल चैट के आधार पर सिया के दावे विश्वसनीय नहीं लगते। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

बता दें कि 18 जून को पुणे के पास लोहागढ़ किले से गिरने के बाद केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे हादसा माना गया था, लेकिन जांच के दौरान हत्या की आशंका सामने आई। पुलिस को शक है कि सिया गोयल शादी नहीं करना चाहती थी और उस पर परिवार की ओर से केतन से विवाह करने का दबाव था।

इस मामले में पुलिस ने 23 जून को सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया था। दोनों फिलहाल 29 जून तक पुलिस रिमांड में हैं और मामले की जांच जारी है। इस बीच, केतन अग्रवाल का परिवार आज पुणे में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मामले में न्याय की मांग कर सकता है।