जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर आयोजित जनता दरबार में मंगलवार को सैकड़ों फरियादी पहुंचे। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। डिप्टी सीएम ने भी हर फरियादी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उसकी बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार में किसी के इलाज से जुड़ी समस्या थी तो कोई आर्थिक सहायता, प्रशासनिक कार्यवाही, पुलिस, राजस्व, शिक्षा और अन्य विभागों से संबंधित शिकायत लेकर पहुंचा था। उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल संवाद किया और पात्र मामलों में जल्द से जल्द राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।फरियादियों की बात सुने जाने और समाधान की उम्मीद बंधने के साथ ही उनके चेहरों पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। लोगों ने कहा कि अपनी समस्या सीधे उपमुख्यमंत्री के सामने रखने और उस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश मिलने से उन्हें भरोसा मिला है कि उनकी समस्या का समाधान जरूर होगा।

इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की बात संवेदनशीलता के साथ सुनी जाए और पात्र मामलों में समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनता दरबार में पहुंचे लोगों के लिए यह मुलाकात सिर्फ अपनी समस्या रखने का माध्यम नहीं रही, बल्कि उन्हें समाधान की उम्मीद और भरोसा भी मिला। यही वजह रही कि सुनवाई के बाद कई फरियादी संतोष और मुस्कान के साथ अपने घर लौटे।
