Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

जबलपुर बोट हादसा: 9 की मौत, कई लापता, PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

मध्य प्रदेश के जबलपुर में नाव पलटने की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है और स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहा है।

PMO ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह हादसा जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटन विभाग की क्रूज बोट पलटने से हुआ। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। होमगार्ड एसडीआरएफ के कमांडेंट नीरज सिंह राजपूत ने बताया कि रात में बारिश और अंधेरे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आई, लेकिन टीमों ने लगातार काम जारी रखा। अब एनडीआरएफ और सेना की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, जबलपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने बताया कि 24 घायलों का इलाज चल रहा है और सभी को जरूरी चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।