Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

Rajasthan: कोटा में जेईई अभ्यर्थी ने ट्रेन से कटकर दी जान, इस साल की 10वीं आत्महत्या

18 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र ने सोमवार को कोटा स्टेशन के पास ट्रेन के आते ही पटरियों पर लेटकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने ये जानकारी दी। छात्र को दो अप्रैल को जेईई-मेन की परीक्षा देनी थी। जनवरी से कोटा में कोचिंग छात्र द्वारा संदिग्ध आत्महत्या का ये 10वां मामला है। कानपुर के मूल निवासी उज्ज्वल मिश्रा को लखनऊ के लिए रवाना होना था, जहां उसे इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा देने के लिए एक केंद्र आवंटित किया गया था। उनके पिता दीपक कुमार मिश्रा सोमवार को कोटा पहुंचने वाले थे, ताकि उन्हें और उनके सामान को वापस यूपी ले जा सकें। 

मिश्रा ने कहा, "वो दो साल के एकीकृत पाठ्यक्रम जेईई मेन्स की कोचिंग ले रहा था। उसकी परीक्षाएं 29 मार्च को समाप्त हो गई थीं और मैं उसे लेने के लिए यहां आ रहा था, क्योंकि दो अप्रैल को उसकी जेईई मेन्स की परीक्षा थी। कल रात मुझे पता चला कि क्या हुआ था। ऐसा लगता है कि वो तनाव में था, वह अपनी भावनाओं को व्यक्त करने में असमर्थ था। उसे पता था कि मैं आ रहा हूं। हमें कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। हम घटनास्थल पर गए और उसके कमरे में भी गए।" 

उन्होंने बताया कि उज्ज्वल यहां एक कोचिंग संस्थान में जेईई की तैयारी कर रहा था और राजीव गांधी नगर इलाके में एक छात्रावास में रहता था। पुलिस ने बताया कि रविवार को लड़का शाम करीब साढ़े छह बजे अपने छात्रावास के कमरे से निकला और कोटा रेलवे स्टेशन पहुंचा। ट्रेन के पायलट के अनुसार, जब लड़के ने ट्रेन को आते देखा तो वह पटरियों पर लेट गया और शाम करीब सात बजे ट्रेन के नीचे आ गया। 

पायलट ने घटना की तुरंत राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना दी और कहा कि वो तेज गति के कारण समय पर ट्रेन को नहीं रोक पाया। लड़के के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। कोचिंग हब के रूप में मशहूर शहर में इस साल ये दसवीं  आत्महत्या है। अकेले जनवरी में छह कोचिंग छात्रों- पांच जेईई, एक एनईईटी ने आत्महत्या कर ली। 2024 में कोटा में सत्रह कोचिंग छात्रों ने आत्महत्या कर ली। 2023 में ये संख्या 26 थी।