Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

Indore: नाबालिग बेटी ने प्रेमी और प्रेमी की मां संग पिता पर किया हमला, तीनों गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध का विरोध करने पर नाबालिग बेटी, उसके प्रेमी और प्रेमी की मां ने मिलकर लड़की के पिता पर हमला कर दिया। आरोप है कि पिता को चाकू मारकर घायल भी किया गया। यह घटना 22 जून को खजराना थाना क्षेत्र में हुई। घायल व्यक्ति की पहचान मेहरबान सिंह के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, मेहरबान सिंह अपनी नाबालिग बेटी के शुभम नामक युवक के साथ संबंधों का विरोध कर रहे थे।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मेहरबान सिंह की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, मेहरबान सिंह ने अपनी बेटी को शुबहम से मिलने-जुलने से मना किया था। इससे नाराज होकर बेटी, उसका प्रेमी शुभम और शुभम की मां किरण ने मिलकर मेहरबान सिंह के साथ मारपीट की। इस दौरान शुभम ने कथित तौर पर उन्हें चाकू मार दिया।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118 (खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाना), 115 (मारपीट), 351 (आपराधिक धमकी) समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुभम, उसकी मां किरण और नाबालिग लड़की को गिरफ्तार कर लिया है। घायल मेहरबान सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।