मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष के पास नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। संविधान हर भारतीय को देश का संरक्षक बनने का अधिकार और जिम्मेदारी देता है। कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत का अस्तित्व है। मुख्यमंत्री गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सीएम योगी ने कहा कि संविधान 145 करोड़ भारतीयों का गौरव और मार्गदर्शक है। यह नागरिकों को उनके अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। संविधान निर्माताओं ने महात्मा गांधी के विचार को ध्यान में रखा था कि भारत का भविष्य भारतीय स्वयं तय करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान लागू होने के पहले दिन से ही हर वयस्क नागरिक को बिना जाति, क्षेत्र, भाषा या लिंग के भेदभाव के वोट देने का अधिकार मिला। यह भारतीय लोकतंत्र की बड़ी विशेषता है।
संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने वालों से रहें सावधान

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग संविधान को लेकर भ्रम फैलाने और लाल पुस्तिका दिखाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने अपने शासनकाल में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश की, वे आज संविधान के संरक्षक होने का दावा कर रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि आजादी के बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की स्वतंत्रता को प्रभावित करने के लिए किया गया था। समय-समय पर निजी स्वार्थ के लिए संविधान में बदलाव किए गए। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिशों से सभी नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए।
कांग्रेस ने बाबा साहेब की उपेक्षा की, सपा ने महापुरुषों का अपमान किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न देने में उपेक्षा की और उन्हें संसद पहुंचने से रोकने के प्रयास किए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया था, जिसे प्रदेश सरकार ने दोबारा उनके नाम पर किया।
सीएम योगी ने कहा कि महाराज सुहेलदेव ने विदेशी आक्रांताओं का मुकाबला कर देश की रक्षा की थी, लेकिन उनके नाम पर पहले कोई बड़ा स्मारक नहीं बनाया गया। बीजेपी सरकार ने बहराइच में उनका स्मारक बनवाया और बहराइच मेडिकल कॉलेज तथा आजमगढ़ के नए मेडिकल कॉलेज का नाम भी उनके नाम पर रखा। उन्होंने राजा महेंद्र प्रताप सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि अलीगढ़ में उनके नाम पर राज्य विश्वविद्यालय बनाया गया।
विरासत के सम्मान के साथ विकास कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में पद संभालने के बाद संसद और संविधान को प्रणाम किया था। नए संसद भवन में संविधान की मूल प्रति को विशेष स्थान दिया गया है। इसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक से जुड़े चित्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि संविधान सभा में उत्तर प्रदेश के 55 सदस्य थे और 15 महिला सदस्यों में से छह उत्तर प्रदेश से थीं। सुचेता कृपलानी, गोविंद बल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य नरेंद्र देव जैसे नेताओं ने संविधान निर्माण में योगदान दिया।
सीएम योगी ने काशी विश्वनाथ धाम में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा, अयोध्या एयरपोर्ट का महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा जाना और संत रविदास की जन्मभूमि पर विकास कार्यों को विरासत और विकास के मेल का उदाहरण बताया।
कानून का राज ही विकास की गारंटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का शासन ही विकास की सबसे बड़ी गारंटी है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय स्कूलों में सुविधाओं की कमी, नकल, रोजगार में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और अपराध जैसी समस्याएं थीं।

उन्होंने कहा कि गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था, किसानों को परेशानी होती थी और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठते थे। सीएम योगी के अनुसार, प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था मजबूत कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
3,955 महापुरुष स्मारक स्थलों के सौंदर्यीकरण का शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 स्थलों पर सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई के कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 3,955 स्थलों पर विकास कार्य शुरू किए जा रहे हैं। योजना के तहत महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा और बेहतर बनाया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि यह बाबा साहेब आंबेडकर, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे सामाजिक न्याय के पुरोधाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने निर्धारित समय में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों को किया सम्मानित, संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ

समारोह में मुख्यमंत्री ने संविधान के मूल्यों पर आयोजित विद्यालय स्तरीय वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में शगुन श्रीवास्तव ने प्रथम, फाइजा ने द्वितीय और तुबा हनीस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में दिव्या प्रथम, हर्षवर्धन सिंह द्वितीय और राज तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और उपस्थित अतिथियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को मजबूत करने तथा संविधान की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, मुख्य सचिव एसपी गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।