Breaking News

लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह ग्यारह बजे तक स्थगित     |   जस्टिस यशवंत वर्मा को पद से हटाने के लिए शीतकालीन सत्र में लाया जा सकता है महाभियोग प्रस्ताव     |   दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य     |   कर्नाटक में विभागों का बंटवारा, सीएम शिवकुमार ने अपने पास रखा वित्त विभाग     |   टाटा के चेयरमैन चंद्रशेखरन के इस्तीफे की पेशकश के बाद TCS में 4.97% की गिरावट     |  

भारतीय डिफेंडर सुभाशीष बोस ‘साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी’, महिला वर्ग में सौम्या को पुरस्कार

Odisha: भारतीय डिफेंडर और मोहन बागान सुपर जायंट्स के कप्तान सुभाशीष बोस को एक यादगार सत्र के बाद शुक्रवार को देश का ‘साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी’ चुना गया, जबकि ईस्ट बंगाल एफसी की स्ट्राइकर सौम्या गुगुलोथ ने महिला वर्ग में ये सम्मान हासिल किया। बोस के नेतृत्व में मोहन बागान सुपर जायंट्स ने एक ही सत्र में ‘लीग विनर्स शील्ड’ और ‘आईएसएल कप’ दोनों जीतकर इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में ऐतिहासिक दो खिताब जीते।

पिछले महीने फाइनल में बेंगलुरू एफसी पर उसने 2-1 से जीत हासिल की। इससे मोहन बागान, आईएसएल इतिहास में 2020-21 में मुंबई सिटी एफसी के बाद ये उपलब्धि हासिल करने वाली केवल दूसरी टीम बन गई। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की तरफ से आयोजित पुरस्कार समारोह के दौरान जमशेदपुर एफसी के कोच खालिद जमील को लगातार दूसरी बार साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष कोच चुना गया।

सुजाता कर को भारतीय महिला लीग में श्रीभूमि एफसी को तीसरे नंबर पर पहुंचाने के लिए साल की सर्वश्रेष्ठ महिला कोच का पुरस्कार दिया गया। मिडफील्ड के मास्टरमाइंड ब्रिसन फर्नांडस को साल का सबसे उदीयमान पुरुष खिलाड़ी चुना गया, जबकि 18 साल की डिफेंडर थोईबिसना चानू ने साल की सर्वश्रेष्ठ होनहार महिला खिलाड़ी का पुरस्कार जीता।

विशाल कैथ ने साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोलकीपर का पुरस्कार जीता, जबकि पंथोई चानू ने आईडब्ल्यूएल में शानदार प्रदर्शन के लिए महिला वर्ग में ये सम्मान हासिल किया। वेंकटेश आर को साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष रेफरी चुना गया, जबकि टेकचम रंजीता देवी को साल की सर्वश्रेष्ठ महिला रेफरी का सम्मान मिला। वैरामुथु पी को साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष सहायक रेफरी, जबकि रिओहलांग धर को साल की सर्वश्रेष्ठ महिला सहायक रेफरी चुना गया।