Breaking News

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा     |   RSS प्रमुख मोहन भागवत का अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन दौरा आज से शुरू     |   बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की आज जेवर में रैली     |   इजरायली PM नेतन्याहू ने ईरान पर नए प्रतिबंधों के लिए ट्रंप को दी बधाई     |   लखनऊ: विभूतिखंड मार्केट में स्थित एक इमारत में लगी आग     |  

Yogi Cabinet: आज योगी कैबिनेट की अहम बैठक, 15 से ज्यादा प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक में निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, परिवहन और जनकल्याण से जुड़े 15 से ज्यादा प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है। सभी संबंधित विभाग प्रस्तावों को अंतिम रूप देने की तैयारियों में जुटे हैं।

कैबिनेट बैठक में पुलिस विभाग में मृतक आश्रित कोटे के तहत दरोगा और सिपाही के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को दौड़ परीक्षा से राहत देने से जुड़ा प्रस्ताव भी रखा जा सकता है। इसके अलावा निवेश और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने वाले कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 3572 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इनमें कृषि विभाग के 3446 प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) और मंडी परिषद के 126 नवनियुक्त मंडी सचिव शामिल हैं।

प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष और स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण को प्रदेश में स्वाइन फ्लू की स्थिति की लगातार समीक्षा और प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने सभी जिलों में संदिग्ध और संक्रमित मरीजों पर नजर रखने, उनकी नियमित निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। अस्पतालों में जांच, उपचार और उपलब्ध संसाधनों की भी लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। गंभीर मरीजों की समय रहते पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।

उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार पूरी तरह तैयार है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने, अफवाहों से बचने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। मौसमी बुखार को लेकर भी अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। बुखार के मरीजों की आवश्यक जांच और समुचित उपचार, आपातकालीन सेवाओं का निर्बाध संचालन, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता और चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया है।