Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

भोपाल में भारी बारिश का असर, 11 अगस्त को भी सभी स्कूल बंद

राजधानी भोपाल में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 11 अगस्त को भी विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों पर लागू होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से सोमवार को जारी आदेश के मुताबिक, भोपाल जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में 11 अगस्त को विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी। इसमें एमपीबीएसई, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड से संबद्ध स्कूल भी शामिल हैं। इससे पहले सोमवार को भी शहर के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया था।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे, लेकिन शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की छुट्टी नहीं होगी। सभी शिक्षक और कर्मचारी अपने निर्धारित विद्यालयीन समय पर स्कूल में उपस्थित रहेंगे और आवश्यक कार्यालयीन कार्य सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन ने यह निर्णय जिले में लगातार हो रही बारिश और उससे उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए लिया है। भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में बच्चों की आवाजाही को लेकर किसी भी तरह का जोखिम न हो, इसे देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

वहीं, भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार देर रात बाणगंगा क्षेत्र का पैदल निरीक्षण कर बारिश के बाद उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली और जल निकासी को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगर निगम को बंद नालियों की तत्काल सफाई कराने और पानी के बहाव में आ रही रुकावटों को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन की ओर से लोगों से भी अपील की गई है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें।