Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

भारतीय नौसेना में शामिल हुआ ‘INS निपुण’, 300 मीटर की गहराई तक समुद्र में जाने में सक्षम

भारतीय नौसेना की ताकत में सोमवार को एक और इजाफा हुआ। गहरे समुद्र में जाकर पनडुब्बियों को त्वरित सहायता देने में सक्षम पोत ‘INS निपुण’ को मुंबई में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया। नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन की मौजूदगी में INS निपुण को नौसेना के बेड़े का हिस्सा बनाया गया। यह अपनी तरह का दूसरा ऐसा पोत है, जो गहरे समुद्र में जाकर पनडुब्बियों को मदद पहुंचाने में सक्षम है।

हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड (HSL) द्वारा तैयार INS निपुण की लंबाई 119.4 मीटर है और इसका वजन करीब 10,500 टन है। यह पोत समुद्र में 300 मीटर तक की गहराई में जाकर काम कर सकता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत पनडुब्बियों को समुद्र में ही आपात स्थिति में सहायता और राहत पहुंचाने की क्षमता है। किसी पनडुब्बी के संकट में फंसने पर यह पोत बचाव अभियान में अहम भूमिका निभा सकता है। इसके अलावा INS निपुण को आपदा राहत और मानवीय सहायता अभियानों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे समुद्र में भारतीय नौसेना की बचाव और राहत क्षमता को और मजबूती मिलेगी।